गंगापुर सिटी: इंदरगढ़ माता की डाक ध्वज यात्रा 23 सितंबर को होगी रवाना
कर्मचारी कॉलोनी स्थित दरबार से शुरू होकर यात्रा बूंदी धाम पहुंचेगी, जहां 24 सितंबर को ध्वज अर्पण और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
तस्वीर में एक सुनहरे फ्रेम के भीतर फूलों और आभूषणों से सजी बिजासन माता की प्रतिमा दिख रही है।
गंगापुर सिटी में मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के तत्वाधान में इंदरगढ़ माता की तृतीय डाक ध्वज यात्रा एवं 44वीं मासिक यात्रा का आयोजन किया जाएगा। 23 सितंबर बुधवार को प्रातः 8:00 बजे कर्मचारी कॉलोनी स्थित इंदरगढ़ दरबार से विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद माता रानी को रथ पर विराजमान कर यात्रा जिला बूंदी स्थित इंदरगढ़ माता के भवन के लिए रवाना होगी। यात्रा में ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ श्रद्धालु शामिल होंगे।
समिति महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने बताया कि यात्रा इंदरगढ़ दरबार से सैनिक नगर, उदेई मोड़, फव्वारा चौक, ट्रक यूनियन, ईदगाह मोड़ और मिर्जापुर होते हुए तलवाड़ा मोड़ स्थित अटल सेवा केंद्र के पास पहुंचेगी। यहां श्रद्धालु यात्रियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। दोपहर के भोजन के लिए भंडारा भाड़ोती में रहेगा।
24 सितंबर को प्रातः 7:00 बजे इंदरगढ़ मोड़ से सभी श्रद्धालु यात्री जुलूस के रूप में माता के भवन पहुंचकर ध्वज अर्पित करेंगे। इसके बाद बिजासन माता को भोग-प्रसादी लगाई जाएगी। प्रातः 9:00 बजे गंगापुर वालों की धर्मशाला में कन्याओं को भोजन कराया जाएगा, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
भक्त देवी चरण गर्ग ने बताया कि यात्रियों के लिए बस वाहन व्यवस्था ईदगाह मोड़ से रखी गई है। उन्होंने माता रानी के सभी भक्तों से ध्वज यात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है।