सवाई माधोपुर में बालिका सशक्तिकरण की पहल, जिला कलक्टर ने बॉक्सिंग खिलाड़ी प्रियंका गुर्जर को भेंट की किट
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित कार्यशाला में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत राज्य स्तरीय खिलाड़ी को खेल किट दी गई।
सवाई माधोपुर में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद जिला कलक्टर काना राम (बाएं) ने राज्य स्तर पर चयनित मुक्केबाज प्रियंका गुर्जर को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बॉक्सिंग किट भेंट की। इस दौरान महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक युगल किशोर मीना और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सवाई माधोपुर में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान राज्य स्तर पर चयनित बॉक्सिंग खिलाड़ी प्रियंका गुर्जर की जरूरत को देखते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बॉक्सिंग किट उपलब्ध कराने की पहल की गई। कार्यशाला के बाद जिला कलक्टर काना राम ने बालिका को बॉक्सिंग किट प्रदान की।
सवाई माधोपुर, 16 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग, सवाई माधोपुर की ओर से ‘नारी चौपाल-सशक्त बालिका-सुरक्षित समाज’ सप्ताह के अंतर्गत मानटाउन क्लब हाउस, बरवाड़ा बस स्टैंड, सवाई माधोपुर में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य महिला चैम्पियन्स के साथ संवाद स्थापित करना, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा बालिकाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक युगल किशोर मीना, आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक पुरुषोत्तम गौतम और प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और माल्यार्पण करके किया।
कार्यशाला में पुरुषोत्तम गौतम ने बालिकाओं और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने उचित पोषण, संतुलित आहार और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने का महत्व समझाते हुए प्रतिभागियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं, रजत भारद्वाज ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास करवाया और योग के महत्व की जानकारी दी।
प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा ने बालिका शिक्षा से संबंधित विभिन्न विभागीय योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इसके बाद युगल किशोर मीना ने जिला स्तर पर महिला चैम्पियन्स के साथ संवाद किया। इस दौरान राज्य स्तर पर चयनित बॉक्सिंग खिलाड़ी प्रियंका गुर्जर ने बताया कि निजी बॉक्सिंग किट उपलब्ध होने पर वह अपने प्रदर्शन में सुधार कर पाएगी। इस पर महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक ने तुरंत बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिका को बॉक्सिंग किट प्रदान करने की घोषणा की। कार्यशाला के बाद जिला कलक्टर काना राम के हाथों प्रियंका गुर्जर को बॉक्सिंग किट दिलवाई गई।
कार्यक्रम के अंत में युगल किशोर मीना ने सभी अतिथियों और उपस्थित प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के संदेश के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।
कार्यशाला में महिला अधिकारिता विभाग से प्रदीप कुमार गौतम, नूतन कुमार जिन्दल, नरेशी मीना, आयुष पाराशर, रामराज मिरोठा, जीतेन्द्र बहादुर, अनिता कंवर, प्रिया तेहरिया, रिंकी सेन, अनन्या तिवारी, मीना शर्मा और मंजू शर्मा सहित विभागीय स्टाफ एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।