जनगणना-2027: सवाई माधोपुर में डीसीएचबी वेब पोर्टल प्रशिक्षण, अधिकारियों को दी गई विस्तृत जानकारी
सवाई माधोपुर में भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों को गति देते हुए जिला प्रशासन ने डीसीएचबी वेब पोर्टल पर चार्ज अधिकारियों और क्षेत्रीय कार्मिकों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में डेटा एंट्री, सत्यापन, अनुमोदन, सिंक्रोनाइजेशन और प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया।
तस्वीर में सवाई माधोपुर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनगणना-2027 प्रशिक्षण सत्र के दौरान अधिकारी और कार्मिक बैठक कक्ष में प्रशिक्षण लेते हुए नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर (मॉर्निंग न्यूज)। भारत की जनगणना-2027 को सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने की दिशा में सवाई माधोपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला स्तर पर शहरी क्षेत्र के चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कार्मिकों को डीसीएचबी वेब पोर्टल के प्रभावी उपयोग का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के जिला समन्वयक अंकित कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षणार्थियों को पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि, सत्यापन, अनुमोदन, संपादन तथा प्रबंधन की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने डीसीओ अधिकारियों को यूजर आईडी निर्माण, कार्यों की निगरानी तथा अनुमोदन की प्रक्रिया विस्तार से समझाई।
इसके साथ ही चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं को डेटा एंट्री, संपादन, सिंक्रोनाइजेशन और सबमिशन की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी कराया गया, ताकि जनगणना-2027 से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी ढंग से पूरे किए जा सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, गंगापुर सिटी के आयुक्त बृजेन्द्र मीना, बामनवास नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी कमलेन्द्र प्रताप सिंह सिसोदिया, बौंली नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी राजेश कुमार मीना, खण्डार नगर पालिका की अधिशाषी अधिकारी सुलोचना मीना, वजीरपुर नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी दीपक चौहान सहित संबंधित चार्जों के क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण जनगणना-2027 की तैयारियों को तकनीकी रूप से सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।