तस्वीर में सवाई माधोपुर के थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक में पुलिस अधिकारी, सर्राफा व्यापारी और मंदिरों के पुजारी उपस्थित नजर आ रहे हैं।

सवाई माधोपुर में आगामी त्यौहारों एवं धार्मिक आयोजनों को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 5 अगस्त 2026 को थाना परिसर में सर्राफा व्यापारियों एवं विभिन्न मंदिरों के पुजारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्री विजय सिंह के सुपरविजन में किया गया। बैठक में वृत्ताधिकारी शहर सवाई माधोपुर श्री राजेन्द्र कुमार मीणा एवं थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक की उपस्थिति रही।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी त्यौहारों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान सर्राफा बाजार और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। इस दौरान व्यापारियों एवं पुजारियों से सुरक्षा संबंधी सुझाव प्राप्त किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने सर्राफा व्यापारियों एवं मंदिरों के पुजारियों को अपने प्रतिष्ठानों एवं मंदिर परिसरों में पर्याप्त संख्या में अच्छी गुणवत्ता वाले नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों को नियमित रूप से संचालित रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस कंट्रोल रूम या स्थानीय पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठानों एवं मंदिरों में रात्रि के समय चौकीदार अथवा सुरक्षा गार्ड रखने के लिए भी समझाइश दी गई।

व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में नकदी एवं बहुमूल्य आभूषणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने, कर्मचारियों का सत्यापन कराने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी गई। वहीं मंदिरों के पुजारियों से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।

बैठक में उपस्थित सर्राफा व्यापारियों एवं पुजारियों ने पुलिस द्वारा किए जा रहे सुरक्षा प्रयासों की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जिले में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बैठक के दौरान सर्राफा व्यापारियों ने कुछ दिन पूर्व ज्वैलर दिनेश गोयल से हुई लूट की घटना का त्वरित एवं सफल खुलासा करने, समस्त मुल्जिमानों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा लूटे गए आभूषण एवं नकदी की बरामदगी के लिए सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर एवं संपूर्ण जिला पुलिस सवाई माधोपुर की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Tags: