गंगापुर सिटी में सक्षम टीम द्वारा जरूरतमंद को व्हीलचेयर प्रदान की गई।   

गायक श्री महेंद्र सिंह जादौन जी की 80 वर्षीय माताजी को चलने-फिरने में हो रही कठिनाई के बीच सक्षम टीम के तत्वावधान में एक सराहनीय सेवा कार्य किया गया। सक्षम टीम की दिव्यांग बहिन ज्योति बैरवा जी ने अपनी व्हीलचेयर जरूरतमंद माताजी को सौंपकर मानवता, संवेदनशीलता और सेवा भावना की मिसाल प्रस्तुत की।

इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद माताजी को सहारा देने के साथ ही सहायक उपकरणों को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया। सक्षम टीम की जिलाध्यक्ष श्रीमती सुधा गुप्ता ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ अपनी सामर्थ्य और उपलब्ध संसाधनों से किसी दूसरे के जीवन को थोड़ा आसान बनाना है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके पास व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर या अन्य सहायक उपकरण हैं, जिनका अब वे उपयोग नहीं कर रहे हैं, तो उन्हें किसी जरूरतमंद व्यक्ति को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जो वस्तु किसी व्यक्ति के लिए अनुपयोगी हो सकती है, वही किसी दूसरे के लिए सहारा, सुविधा और आत्मनिर्भरता का माध्यम बन सकती है।

इस पहल के जरिए समाज में सेवा और सहयोग की श्रृंखला बनाने का आह्वान किया गया, ताकि जरूरतमंद लोगों को सहारा मिल सके, उनके चेहरे पर मुस्कान आए और मानवता के प्रति सम्मान बढ़े। सेवा के इस संदेश में इस बात पर जोर दिया गया कि दूसरों की मदद करने के लिए धनवान होना जरूरी नहीं, बल्कि संवेदनशील हृदय होना आवश्यक है। किसी जरूरतमंद का सहारा बनना ही जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता है।

इस पुनीत कार्य के लिए सक्षम टीम की ओर से ज्योति जी बैरवा का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रमुख कुशला खूटेटा, कोषाध्यक्ष बबीता जिन्दल, क्रीडा व योग प्रभारी अंजना रावत, बलराम शर्मा, रितिक शर्मा और रेखसिंह ने अपनी सहभागिता निभाई।

सक्षम टीम की इस पहल ने जरूरतमंदों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग दूसरों की सहायता के लिए करने का संदेश दिया। ‘सक्षम भारत — समर्थ भारत’ के संकल्प के साथ यह सेवा कार्य सामाजिक सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को आगे बढ़ाने वाला रहा।

Tags: