पांचना बांध लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं की रफ्तार तेज, 3 अगस्त तक सर्वे वेरिफिकेशन के निर्देश
करौली में पांचना बांध लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं का जिला कलक्टर ने निरीक्षण किया, 3 अगस्त तक डीजीपीएस सर्वे वेरिफिकेशन के निर्देश दिए।
तस्वीर में जिला कलक्टर अक्षय गोदारा अधिकारियों के साथ एक नीले रंग के निर्माण ढांचे और जलाशय के पास परियोजना स्थल की प्रगति पर चर्चा करते हुए दिख रहे हैं।
पांचना बांध से जुड़ी लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में प्रशासन ने कार्य तेज कर दिया है। जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने बुधवार को बजट घोषणा वर्ष 2026-27 के अंतर्गत स्वीकृत "पांचना बांध से पीडीएन आधारित दो नवीन लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं एवं पांचना-गुड़ला लिफ्ट परियोजना के पीडीएन सिस्टम में रीमॉडलिंग कार्य" का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने 61 करोड़ रुपये लागत वाली इस परियोजना के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुर्जा एवं मठ गांवों में संचालित डीजीपीएस सर्वे वेरिफिकेशन कार्य की प्रगति देखी और अब तक किए गए सर्वे के सत्यापन की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि शेष डीजीपीएस सर्वे वेरिफिकेशन कार्य 3 अगस्त, 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए, जिससे परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ किया जा सके।
जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों और तैयारियों को समय रहते सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक बंसल, सहायक अभियंता वीरसिंह जाटव, कनिष्ठ अभियंता भवानी सिंह मीना तथा कार्यदायी संस्था मैसर्स दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के जनरल मैनेजर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।