सवाई माधोपुर में भारी बारिश का अलर्ट: जिला कलक्टर ने जारी की एडवाइजरी, जलभराव और बहाव वाले मार्गों से दूर रहने की अपील

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सवाई माधोपुर सहित पूर्वी राजस्थान में तेज से अति भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके बाद जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा और आपदा प्रबंधन एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और आपातकालीन हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की है।

Update: 2026-07-28 13:59 GMT

सवाई माधोपुर, 28 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा आगामी दिनों में जिले सहित पूर्वी राजस्थान में तेज से अति भारी वर्षा की संभावना व्यक्त किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संभावित अतिवृष्टि और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन के लिए सड़क सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन संबंधी एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करने की अपील की है।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि नागरिक नदियों, नालों, रपटों, जलमग्न सड़कों एवं बहाव वाली पुलियाओं को पार करने का प्रयास नहीं करें। उन्होंने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में फोटो या वीडियो बनाने के लिए अपनी जान जोखिम में नहीं डालने तथा बच्चों को जलाशयों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रखने की अपील की। साथ ही बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों एवं खुले विद्युत तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने बताया कि वर्षा के दौरान फिसलन और दृश्यता कम होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें, वाहन धीमी गति से चलाएं तथा घर से निकलने से पहले हेडलाइट, ब्रेक, इंडिकेटर और वाइपर की जांच अवश्य कर लें। उन्होंने जलभराव वाले अंडरपास एवं मार्गों से गुजरने से बचने और प्रशासन द्वारा लगाए गए चेतावनी संकेतों का पालन करने की भी अपील की।

जिला कलक्टर ने बताया कि जिले में सिविल डिफेंस टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर तैनात हैं। किसी भी आपात स्थिति में आमजन जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 9530314000, 07462-220602, 07462-220201 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी लोग संयम एवं सतर्कता बरतते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Tags:    

Similar News