बारिश के बाद सेवा गांव का मुख्य मार्ग कीचड़ में तब्दील, पीएचसी स्टाफ और स्कूली बच्चों का आवागमन हुआ मुश्किल

वजीरपुर के ग्राम सेवा में बारिश के बाद पीएचसी तक जाने वाला मुख्य मार्ग कीचड़ से भर गया है। ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत और जल निकासी की मांग तेज कर दी है।

Update: 2026-07-28 13:19 GMT

तस्वीर में वजीरपुर उपखंड क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बारिश के बाद जमा कीचड़ और पानी का दृश्य दिखाई दे रहा है।

वजीरपुर उपखंड क्षेत्र के ग्राम सेवा में लगातार हो रही बारिश के बाद गांव के बाजार से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तक जाने वाला मुख्य मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया है। सड़क पर भारी मात्रा में कीचड़ जमा होने से स्कूली बच्चों, पीएचसी कर्मचारियों, मरीजों और ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार पीएचसी कर्मचारी और ग्रामीण फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से मार्ग की मरम्मत कराने या सड़क पर जमा कीचड़ हटाने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्कूली बच्चों, मरीजों, स्वास्थ्यकर्मियों और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी पवन वर्मा ने बताया कि संबंधित कार्य का टेंडर अभी स्वीकृत नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि टेंडर पास होते ही मार्ग की मरम्मत और आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिए जाएंगे। फिलहाल मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण पीएचसी स्टाफ, स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

Tags:    

Similar News