तस्वीर में सवाई माधोपुर जिला अस्पताल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को सबडर्मल इम्प्लांट इन्सर्शन का व्यावहारिक अभ्यास कराते हुए मास्टर ट्रेनर दिखाई दे रही हैं।

सवाई माधोपुर जिला अस्पताल में सबडर्मल कॉन्ट्रासेप्टिव इम्प्लांट के इन्सर्शन एवं सेवा प्रदायगी को लेकर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार, 25 अगस्त को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले में परिवार नियोजन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करना तथा स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को आधुनिक एवं दीर्घकालिक गर्भनिरोधक विधि के संबंध में आवश्यक तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल प्रदान करना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. नागर एवं श्री के.जी. ने प्रतिभागियों को सबडर्मल इम्प्लांट की विशेषताओं, कार्यप्रणाली, उपयुक्त लाभार्थियों की पहचान, काउंसलिंग, इम्प्लांट इन्सर्शन एवं रिमूवल की प्रक्रिया, संक्रमण नियंत्रण, संभावित साइड इफेक्ट्स तथा फॉलो-अप से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को विभिन्न परिस्थितियों में लाभार्थियों की काउंसलिंग और उचित सेवा प्रदान करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स डॉ. सीमा रानी मीणा एवं डॉ. चेतराम मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के साथ समन्वय करते हुए प्रतिभागियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया तथा प्रशिक्षण की सभी गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग दिया।

प्रशिक्षण में प्रायोगिक प्रदर्शन के साथ हैंड्स-ऑन अभ्यास भी कराया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को इम्प्लांट इन्सर्शन की तकनीक समझने और सुरक्षित तरीके से सेवा प्रदान करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल विकसित करने का अवसर मिला। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा अपने प्रश्नों और अनुभवों को साझा किया।

इस अवसर पर जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. तेजराम मीणा, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (एफडब्ल्यू) डॉ. शिशिर बैरवा तथा यूएनएफपीए प्रतिनिधि आदित्य तोमर मौजूद रहे।

प्रशिक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की क्षमता में वृद्धि होने के साथ जिले में परिवार नियोजन की गुणवत्तापूर्ण एवं पसंद आधारित सेवाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। सबडर्मल कॉन्ट्रासेप्टिव इम्प्लांट महिलाओं के लिए एक आधुनिक, प्रभावी एवं दीर्घकालिक गर्भनिरोधक विकल्प है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा प्रदाताओं को प्रशिक्षित कर समुदाय तक बेहतर परिवार नियोजन सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

Tags: