जनसहभागिता से मेई खुर्द स्कूल का होगा विकास, 40 हजार सहयोग पर मिलेगा 1 लाख का बजट
मेई खुर्द विद्यालय में जनसहभागिता से विकास की पहल, 40 हजार सहयोग राशि पर राज्य सरकार देगी 60 हजार का अतिरिक्त राज्यांश।
तस्वीर में बाएं से दाएं उप प्राचार्य दीपक अग्रवाल, सहायक निदेशक शिव चरण मीणा, प्रधानाचार्य बने सिंह मीणा, एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता, एपीसी योगेश मीणा और अन्य स्कूल स्टाफ नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर के खंडार ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेई खुर्द के भौतिक विकास को लेकर जनसहभागिता की मिसाल सामने आई है। विद्यालय स्टाफ ने मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत 40 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर विद्यालय में आवश्यक संसाधनों के विकास की पहल की है। इस राशि पर राज्य सरकार की ओर से लगभग 60 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विद्यालय को विकास कार्यों के लिए करीब 1 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में भौतिक एवं शैक्षिक संसाधनों के विकास का माध्यम बन रही है। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेई खुर्द के विद्यालय स्टाफ ने जनसहभागिता के तहत 40 हजार रुपये की सहयोग राशि दानस्वरूप उपलब्ध कराई।
विद्यालय स्टाफ द्वारा दी गई सहयोग राशि का चेक विद्यालय के प्रधानाचार्य बने सिंह मीणा ने मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता को सौंपा।
एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि स्थानीय समुदाय एवं विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनसहभागिता के माध्यम से विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास तेजी से हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राप्त 40 हजार रुपये की सहयोग राशि पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 60 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार विद्यालय को विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 1 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि इस राशि से विद्यालय में कंप्यूटर, प्रिंटर, विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विद्यालय की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
इस अवसर पर उप प्राचार्य दीपक अग्रवाल, सहायक निदेशक शिव चरण मीणा, एपीसी योगेश मीणा सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।