सवाई माधोपुर के वजीरपुर में 6.52 ग्राम स्मैक सहित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने नाकाबंदी में दबोचा

सवाई माधोपुर के वजीरपुर में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 6.52 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट से जुड़ा मामला दर्ज है।

Update: 2026-08-04 12:51 GMT

सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6.52 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बरामद स्मैक को जब्त कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्यैष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर गंगापुरसिटी श्री नारायण लाल तथा वृत्ताधिकारी गंगापुरसिटी श्री गिर्राज मीणा के निकटतम सुपरविजन एवं निर्देशन में थाना वजीरपुर के थानाधिकारी उपनिरीक्षक श्री राजवीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.52 ग्राम स्मैक बरामद की।

पुलिस के अनुसार अवैध रूप से मादक पदार्थों का विक्रय करने वाले अपराधियों को चिन्हित कर गोपनीय सूचना विकसित की गई। इसी क्रम में 3 अगस्त 2026 को अवैध गतिविधियों की रोकथाम, थाना क्षेत्र में गश्त, वांछित अपराधियों की तलाश तथा औचक नाकाबंदी के लिए थानाधिकारी श्री राजवीर सिंह मय टीम थाना से रवाना हुए। दोपहर 3 बजे पुलिस टीम नहर कुसॉय पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति करीब 10 से 15 मीटर की दूरी से पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों को देखकर वह वापस मुड़कर जाने का प्रयास करने लगा।

संदेह होने पर थानाधिकारी एवं पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे रोक लिया। उससे वापस मुड़ने और भागने का कारण पूछा गया तो वह घबरा गया। इसके बाद नवीन कानून के तहत उसे रोककर कार्रवाई की वीडियोग्राफी प्रारंभ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम सौरभ कुमार मीना पुत्र भजनलाल मीना, उम्र 25 वर्ष, निवासी फुलवाड़ा पेपट, पुलिस थाना वजीरपुर, जिला सवाई माधोपुर, राजस्थान बताया।

पुलिस ने जब उससे मौके पर आने का कारण पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे में किसी अवैध वस्तु की मौजूदगी की आशंका के चलते कार्रवाई की। बिना अनुज्ञा पत्र के अवैध मादक पदार्थ स्मैक रखना एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत दंडनीय अपराध होने पर थानाधिकारी ने अपने साथ मौजूद अनुसंधान किट में रखे इलेक्ट्रॉनिक कांटे से बरामद पदार्थ का वजन कराया।

तलाशी के दौरान सौरभ कुमार मीना की पैंट की दाहिनी जेब से पारदर्शी थैली में रखी स्मैक बरामद हुई। पारदर्शी थैली सहित उसका कुल वजन 6 ग्राम 52 मिलीग्राम पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना वजीरपुर, जिला सवाई माधोपुर में मादक पदार्थ कब्जे में रखने के संबंध में मुकदमा पंजीबद्ध है। पुलिस ने कहा है कि अवैध रूप से मादक पदार्थों का विक्रय करने वाले तथा मादक पदार्थों के धंधे में लिप्त लोगों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags:    

Similar News