जिले के खंडार क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने क्रमोन्नत उप जिला चिकित्सालय खंडार के नए भवन के निर्माण के लिए 35 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खंडार में उप जिला चिकित्सालय के नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार जेमिनी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य आमजन को उनके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में अस्पतालों के भवन, चिकित्सा सुविधाओं एवं आवश्यक संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है।

राज्य सरकार की ओर से जारी इस स्वीकृति से खंडार क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और उप जिला चिकित्सालय के बेहतर आधारभूत ढांचे के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

Tags: