गंगापुरसिटी से घुश्मेश्वर धाम शिवाड़ और चौथमाता दर्शन के लिए 1 सितंबर को बस यात्रा
गंगापुरसिटी से श्री घुश्मेश्वर धाम शिवाड़ और चौथमाता दर्शन के लिए 1 सितंबर 2026 को बस यात्रा रवाना होगी। सुबह 7 बजे प्रस्थान के बाद चौथमाता दर्शन, अल्पाहार और शिवाड़ धाम में पूजा-अर्चना होगी।
गंगापुरसिटी से श्री घुश्मेश्वर धाम शिवाड़ एवं चौथ का बरवाड़ा स्थित चौथमाता मंदिर के दर्शन के लिए बस यात्रा 1 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे रवाना होगी। यात्रा गंगापुर सिटी के विभिन्न स्थानों से शुरू होकर श्रद्धालुओं को चौथमाता मंदिर और इसके बाद घुश्मेश्वर धाम शिवाड़ लेकर जाएगी।
यात्रा मंडल के व्यवस्थापक कैलाशचन्द शर्मा एडवोकेट ने बताया कि बुधवार को शिवाड़धाम यात्रा मंडल की आयोजित बैठक में यात्रा की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई तथा सभी व्यवस्थाओं के प्रभारियों की नियुक्ति की गई। बैठक में पंडित जयगोविंद शर्मा, वेदप्रकाश शर्मा, गोपाल लाल गुप्ता, वीरेंद्र कुमार जंगम, महेंद्र कुमार गुप्ता, गोविंद प्रसाद बंसल, महेंद्र कुमार गोयल, रवि कुमार शर्मा एडवोकेट, भरोसी लाल गुप्ता, धर्मेंद्र शर्मा, पुरुषोत्तम अग्रवाल, अनिल पंसारी, सोनू खंडेलवाल, मोहर सिंह सैनी, धर्मेंद्र शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
व्यवस्थापक शर्मा ने बताया कि 1 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे बस यात्रा शहर के विभिन्न स्थानों से रवाना होगी। यात्रा कर्मचारी कॉलोनी, नहर रोड स्थित कुशालगढ़ के श्याम बाबा के मंदिर तथा ट्रक यूनियन स्थित डॉक्टर महरवाल के समीप से प्रस्थान करेगी। इसके बाद बस सुबह 11 बजे चौथमाता मंदिर पहुंचेगी।
चौथमाता मंदिर पहुंचने के बाद सभी भक्त माता के दर्शन करेंगे। दर्शन के पश्चात अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद सभी यात्री दोपहर 2 बजे श्री घुश्मेश्वर धाम शिवाड़ पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव की पूजा-अर्चना की जाएगी।
घुश्मेश्वर धाम शिवाड़ में बस यात्रा में शामिल सभी यात्रियों के विश्राम के लिए धर्मशाला तथा भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक में प्रभारियों की नियुक्ति के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।