डॉ. हेमंत शर्मा का शिव भक्त मंडल ने किया सम्मान, कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर हुई चर्चा
गंगापुर सिटी में श्री शिव भक्त मंडल ने सनाढ्य गौड़ ब्राह्मण समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा का सम्मान किया। इस दौरान 25 अगस्त 2026 की चतुर्थ कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं पर भी विशेष चर्चा हुई।
तस्वीर में गंगापुर सिटी में सनाढ्य गौड़ ब्राह्मण समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा को श्री शिव भक्त मंडल के सदस्य फ्रेम की हुई तस्वीर भेंट कर सम्मानित करते हुए नजर आ रहे हैं.
गंगापुर सिटी में सनाढ्य गौड़ ब्राह्मण समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा जी का श्री शिव भक्त मंडल द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। सम्मान समारोह के दौरान शिव भक्त मंडल के सदस्यों ने डॉ. हेमंत शर्मा जी के निवास स्थान पर पहुंचकर उन्हें साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं बाबा महाकाल की स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारियों ने डॉ. हेमंत शर्मा जी को समाज के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके कुशल नेतृत्व में समाज नए आयाम स्थापित करेगा। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. शर्मा का समाजसेवा के प्रति समर्पण अनुकरणीय है तथा उनके मार्गदर्शन में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
अपने संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा जी ने श्री शिव भक्त मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंडल द्वारा दिया गया स्नेह और सम्मान उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट करने, युवाओं और वरिष्ठों के सहयोग से जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने तथा शिव भक्त मंडल की जनसेवा की परंपरा को निरंतर सशक्त करने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
समारोह के दौरान आगामी 25 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली चतुर्थ कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई और डॉ. हेमंत शर्मा जी ने तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने गंगापुर शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाएं तथा भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त करें।
इस दौरान ममलेश्वर महादेव सेवा समिति के अध्यक्ष श्री महेश जी गुप्ता, सदस्य राकेश जी मंगल, भुवनेश गर्ग, आयुष बजाज, रिजुल गर्ग और दुर्गेश शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. हेमंत शर्मा के सम्मान के साथ सामाजिक एकजुटता और आगामी धार्मिक आयोजन की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।