बीसी राय ट्रॉफी: राजस्थान ने बिहार को 7-1 से हराया, हर्षवर्धन की हैट्रिक
नारायणपुर में आयोजित नेशनल जूनियर फुटबॉल चैंपियनशिप के पहले मैच में राजस्थान ने दबदबा बनाते हुए शानदार जीत के साथ अभियान शुरू किया।
नारायणपुर मैदान में बीसी राय ट्रॉफी मुकाबले के बाद जश्न मनाते राजस्थान फुटबॉल खिलाड़ी।
नारायणपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित नेशनल जूनियर बालक (बीसी राय ट्रॉफी) चैंपियनशिप में राजस्थान जूनियर बॉयज फुटबॉल टीम ने अपने पहले लीग मुकाबले में बिहार को 7-1 से हराकर शानदार शुरुआत की। मुकाबले में राजस्थान के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल के साथ शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।
राजस्थान की ओर से हर्षवर्धन ने 21वें, 39वें और 63वें मिनट में गोल दागकर शानदार हैट्रिक पूरी की। वहीं अरमान ने 37वें और 39वें मिनट में लगातार दो गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया।
इसके बाद सुजल ने 65वें मिनट में गोल किया, जबकि भरत सिंह ने 88वें मिनट में गोल दागकर राजस्थान की जीत 7-1 से सुनिश्चित कर दी। बिहार की ओर से राजकुमार ने 22वें मिनट में एकमात्र गोल किया।
राजस्थान टीम के कोच देवेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि टीम ने अपने परिचित और पारंपरिक अंदाज में खेलते हुए पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
शानदार जीत पर संघ के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह जसोल, एयू स्मॉल बैंक फाइनेंस के रीजनल हेड हिमांशु सारस्वत, सचिव दिलीप सिंह शेखावत, संघ कोषाध्यक्ष कैलाश खटीक, कृष्ण अवतार, सुनील राव और संघ के सभी सदस्यों ने टीम को हार्दिक बधाई दी। राजस्थान टीम का अगला लीग मैच 3 सितंबर को झारखंड के साथ होगा, जबकि 5 सितंबर को टीम उत्तराखंड के खिलाफ लीग मुकाबला खेलेगी।