बालघाट थाना क्षेत्र के महस्वा गांव में 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी राहुल मीणा और चोरी का माल खरीदने वाले राजपाल मीणा।

बालघाट थाना क्षेत्र के महस्वा गांव में दिनदहाड़े घर से 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। थाना अधिकारी मंजू फौजदार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी राहुल मीणा और चोरी के आभूषण खरीदने वाले राजपाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने राजपाल मीणा के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

थाना अधिकारी मंजू फौजदार ने बताया कि पीड़िता केसूली देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि घर के सदस्य खेतों में काम करने गए हुए थे। इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर राहुल मीणा घर में रखे बक्से से 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुराकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश के लिए थाना अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।

पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए मुख्य आरोपी राहुल मीणा पुत्र महेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान राहुल मीणा ने चोरी किए गए आभूषण गांव के ही राजपाल मीणा पुत्र घासीडाराम को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले राजपाल मीणा को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए।

पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया था। उसकी तलाश में पुलिस टीम ने आधा दर्जन ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी गांव के सरकारी स्कूल की बिल्डिंग में जाकर छिप गया। पुलिस टीम ने उसे स्कूल की बिल्डिंग से दस्तयाब किया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

थाना अधिकारी मंजू फौजदार ने बताया कि चोरी के आभूषण खरीदने के आरोपी राजपाल मीणा के खिलाफ वर्ष 2002 में पुलिस टीम के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ था। उस मामले में आरोपी पर आरोप सिद्ध हैं और प्रकरण न्यायालय में चल रहा है। वहीं, मुख्य आरोपी राहुल मीणा भी आपराधिक प्रवृत्ति का है।

इस कार्रवाई में थाना अधिकारी मंजू फौजदार, हेड कांस्टेबल राधेश्याम और कांस्टेबल राजपाल व रामसहाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में मुख्य आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर 3 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं।

Tags: