अग्रसेन जयंती पर 10 दिवसीय महोत्सव की तैयारी, दो दिवसीय मेले और शोभायात्रा पर बनी रणनीति
गंगापुर सिटी में 2 से 11 अक्टूबर तक अग्रसेन जयंती महोत्सव होगा। दो दिवसीय मेला, मैराथन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल शोभायात्रा आयोजित होगी।
तस्वीर में अग्रवाल भवन ट्रस्ट, गंगापुर सिटी के हॉल में फर्श पर बैठकर बैठक करते हुए समिति अध्यक्ष मोहनलाल कुनकटा, पदाधिकारी और महिला मंडल के सदस्य नजर आ रहे हैं।
गंगापुर सिटी अग्रवाल समाज समिति की बैठक सोमवार रात 7 बजे अग्रवाल भवन ट्रस्ट में समिति अध्यक्ष मोहनलाल कुनकटा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 11 अक्टूबर 2026 को अग्रसेन जयंती पर्व धूमधाम से मनाने तथा 2 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 10 दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति महामंत्री सतीश चंद्र महसुआ ने बताया कि 10 दिवसीय महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों की प्रश्नोत्तरी, खेलकूद प्रतियोगिताओं सहित दो दिवसीय अग्रसेन मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही बाबा श्याम मंदिर से मैराथन दौड़ आयोजित होगी, जो मुख्य बाजार से होते हुए वापस बाबा श्याम मंदिर तक पहुंचेगी।
महोत्सव के दौरान थोक फल-सब्जी मंडी, उदेई मोड़ पर गरीब मजदूर वर्ग के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की जाएगी। वहीं पुरानी अनाज मंडी स्थित अन्न क्षेत्र में एकादशी के अवसर पर साधु-संतों को भोजन कराया जाएगा।
बैठक में मैराथन दौड़ के लिए महेश सर्वयर को संयोजक तथा अग्रसेन मेले के लिए अशोक मंगल को संयोजक बनाया गया। 10 दिवसीय महोत्सव में महिला मंडल कार्यकर्ताओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम, झूमर और डांडिया सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला अध्यक्ष गोविंद प्रसाद बरनाला, मिर्जापुर समाज अध्यक्ष लक्ष्मीचंद महोली, महेंद्र गर्ग, घनश्याम दास बजाज, राधा मोहन गोयल, कैलाश चंद, वेद प्रकाश मंगल, शिक्षण संस्थान अध्यक्ष दीनदयाल मच्छीपुरा, मुकेश चंद लाइट, गोपाल सेवा दिनेश कुनकटा, वासुदेव बंसल, बंटी कचोरी, मोहनलाल ठेकेदार, शिवदयाल सैंगर पुरा वाले, दिनेश चंद सेवा, योगेंद्र, विष्णु गुप्ता, ओमप्रकाश सद्भभाव आर्य, महेश चंद, महिला तहसील मंडल अध्यक्ष सुमन आर्य, हेमलता गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने अग्रसेन जयंती महोत्सव को भव्य और वैभवपूर्ण तरीके से मनाने के लिए अपने सुझाव रखे।
समिति अध्यक्ष मोहनलाल कुनकटा ने बताया कि 11 अक्टूबर को अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रसेन महाराज की विशाल शोभायात्रा मुख्य बाजार से निकाली जाएगी। बैठक में मौजूद समिति के दर्जनों गणमान्य सदस्यों ने महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।