अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में बनी ठनी उत्सव 2026, कोमल मीणा बनीं मिस फ्रेशर, कशिश मीणा को मिस फेयरवेल का ताज
अग्रवाल कन्या महाविद्यालय के बनी ठनी उत्सव 2026 में कोमल मीणा मिस फ्रेशर और कशिश मीणा मिस फेयरवेल चुनी गईं, कई खिताब भी दिए गए।
तस्वीर में अग्रवाल कन्या महाविद्यालय के बनी ठनी उत्सव 2026 के दौरान सम्मानित होने वाली छात्राएं और संस्थान के अतिथि नजर आ रहे हैं।
अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में आयोजित बनी ठनी उत्सव 2026 में नवप्रवेशित छात्राओं के अभिनंदन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अंतिम वर्ष की छात्राओं के विदाई समारोह के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं के आधार पर मिस फ्रेशर और मिस फेयरवेल सहित विभिन्न खिताबों की घोषणा की गई। मिस फ्रेशर 2026 का खिताब कोमल मीणा तथा मिस फेयरवेल 2025-26 का खिताब कशिश मीणा ने जीता।
उत्सव में मिस फ्रेशर एवं मिस फेयरवेल के चयन के लिए विभिन्न मनोरंजन प्रतियोगिताएं, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी राउंड और आकर्षक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के आधार पर कोमल मीणा को मिस फ्रेशर 2026, कशिश मीणा को मिस फेयरवेल 2025-26, मीनाक्षी शर्मा को स्टूडेंट ऑफ द ईयर, भूमि सारस्वत को मिस टैलेंटेड फ्रेशर, ईशिता मीणा को मिस टैलेंटेड फेयरवेल तथा विधि वर्मा को मिस कल्चर चुना गया। सभी विजेताओं को ताज पहनाकर स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन अग्रवाल शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष दीनदयाल गुप्ता मच्छीपुरा वाले, महामंत्री गिर्राज प्रसाद गुप्ता अकाउंटेंट, कोषाध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता पट्टी वाले, सचिव अग्रवाल कन्या महाविद्यालय बाबूलाल गुप्ता, वाहन सचिव राजेंद्र प्रसाद गुप्ता अकाउंटेंट, संयोजक निर्माण ओम प्रकाश गुप्ता पूर्व प्रबंधक पीएनबी, भगवान सहाय गुप्ता, राजकुमार गोयंका, शंभू दयाल अग्रवाल, दिनेश चंद्र गुप्ता, विमल कुमार गुप्ता, रिद्धि चंद अग्रवाल, मुकेश कुमार गुप्ता अध्यक्ष अग्रवाल भवन ट्रस्ट, सुनीता सरल अध्यक्ष अग्रवाल महिला मंडल तथा महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बृजेंद्र सिंह गुर्जर ने किया।
महामंत्री अग्रवाल शिक्षण संस्थान गिर्राज प्रसाद गुप्ता अकाउंटेंट ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अग्रवाल समाज सभी छात्राओं के उत्थान और उन्हें संपूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए दिन-रात प्रयास कर रहा है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे इस महत्वपूर्ण समय में श्रेष्ठ तैयारी कर उचित मार्गदर्शन के अनुसार अपना लक्ष्य हासिल करें।
अग्रवाल शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष दीनदयाल गुप्ता मच्छीपुरा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छात्राएं ऐसे परिवार का हिस्सा बन रही हैं, जहां शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण को भी महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास रहता है कि प्रत्येक छात्रा अपने सपनों को पहचान सके, अपनी प्रतिभा को निखार सके और जीवन में आत्मनिर्भर बन सके।
सचिव अग्रवाल कन्या महाविद्यालय बाबू लाल गुप्ता ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को सफलता प्राप्त करने के गुर बताए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का समय जीवन का सबसे श्रेष्ठ समय होता है, जब अपने भविष्य का निर्माण किया जाता है। इसलिए छात्राओं को इसी समय का सही सदुपयोग करते हुए अपना लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सीनियर छात्राओं ने नवप्रवेशित छात्राओं का तिलक लगाकर अभिनंदन किया तथा उन्हें महाविद्यालय की संस्कृति, अनुशासन और शिक्षा व्यवस्था से परिचित करवाया। वहीं जूनियर छात्राओं ने सीनियर छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर विदाई दी। इस दौरान सीनियर छात्राओं ने अपने महाविद्यालय के अनुभव जूनियर छात्राओं के साथ साझा किए। उत्सव में छात्राओं ने विभिन्न आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बृजेंद्र सिंह गुर्जर ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि मानव जीवन की सबसे बड़ी शक्ति वह संवेदना है, जो हमें अपने गुरुकुल से प्राप्त होती है। गुरुकुल द्वारा दी गई शिक्षाओं को ग्रहण कर छात्राएं अपने जीवन के सर्वोच्च लक्ष्य को प्राप्त कर सकती हैं।
बनी ठनी उत्सव के साथ ही महाविद्यालय में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। अग्रवाल शिक्षण संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा डिजिटल बोर्ड का उद्घाटन किया गया। डिजिटल बोर्ड के माध्यम से छात्राओं को विषयों को अधिक प्रभावी, सरल और रोचक ढंग से समझने में सहायता मिलेगी। इसके माध्यम से शिक्षण सामग्री, चित्र, वीडियो, प्रेजेंटेशन और अन्य डिजिटल कंटेंट का उपयोग करते हुए कक्षाओं को अधिक इंटरैक्टिव बनाया जा सकेगा।