कार के अंदर सीट के सहारे सिर रखकर बैठी सोनल मीणा सलूम्बर जिला प्रमुख चुनाव मतदान केंद्र के बाहर दिख रही हैं।

सलूम्बर में जिला प्रमुख के चुनाव से पहले बेटी के कथित अपहरण का मामला गरमा गया। सेमारी के पूर्व प्रधान दुर्गा प्रसाद मीणा ने भाजपा जिलाध्यक्ष और उनके साथियों पर उनकी बेटी सोनल मीणा का अपहरण कर जबरन अपने पास रखने का गंभीर आरोप लगाया। पिता ने आशंका जताई कि यदि बेटी को नहीं छोड़ा गया तो वह छत से कूदकर अपनी जान दे सकती है। मतदान के दौरान सोनल के पिता से मिलने की गुहार लगाते हुए रोने का घटनाक्रम भी सामने आया।

सेमारी के पूर्व प्रधान दुर्गा प्रसाद मीणा ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी सोनल मीणा को जबरन अपने पास रखा गया है। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष और उनके साथियों पर बेटी को अपने कब्जे में रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उसे नहीं छोड़ा गया तो वह छत से कूदकर जान दे सकती है।

मामले ने उस समय राजनीतिक तूल पकड़ लिया, जब भाजपा जिलाध्यक्ष ने मीडिया के सामने आकर इन आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सोनल मीणा प्रशिक्षण शिविर में है और जल्द ही सभी के सामने होगी।

हालांकि, जिला प्रमुख चुनाव के मतदान के दौरान घटनाक्रम ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया। मतदान के लिए सोनल जैसे ही कार से नीचे उतरी, वह रोने लगी और अपने पिता से मिलवाने की गुहार लगाने लगी। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सोनल की आंखों से आंसू नहीं थमे। वह भाजपा नेताओं से बार-बार अपने पिता से मिलवाने की मांग करती नजर आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनल को केवल इतना आश्वासन दिया गया कि आगे चलकर उसके पिता से मिलवा दिया जाएगा। इसके बाद उसे फिर कार में बैठाकर अज्ञात स्थान के लिए रवाना कर दिया गया।

यह पूरा घटनाक्रम जिला पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में होता रहा। मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों ने भी सोनल को उसके पिता से मिलवाने की बात उठाई, लेकिन आरोप है कि कानून के रखवाले मूकदर्शक बने खड़े रहे। इस दौरान मीडिया कर्मियों को वीडियो कक्ष से बाहर निकाल दिया गया।

जिला प्रमुख चुनाव के बीच सामने आए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को और तेज कर दिया। एक ओर पिता बेटी के अपहरण और उसे जबरन अपने पास रखने का आरोप लगाते रहे, वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने सोनल के प्रशिक्षण शिविर में होने की बात कही। मतदान के बाद सोनल का पिता से मिलने के लिए रोना और फिर उसे कार में बैठाकर ले जाना पूरे मामले का सबसे चर्चित घटनाक्रम बन गया।

Tags: