सलूंबर निकाय चुनाव 2026: पार्षद उम्मीदवार 2.50 लाख रुपये तक कर सकेंगे खर्च, 11 सितंबर को मतदान
सलूंबर नगर परिषद चुनाव में पार्षद उम्मीदवार 2.50 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे। 11 सितंबर को मतदान और 14 सितंबर को मतगणना होगी।
तस्वीर में जिला कलेक्ट्रेट सभागार सलूंबर में जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक चल रही है।
नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनावी तैयारियों के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मुहम्मद जुनेद पी पी की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में निर्वाचन गतिविधियों, चुनाव कार्यक्रम और आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी पी ने कहा कि जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित की जाए। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अभ्यर्थी आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की अक्षरश: पालना करें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) डॉ. दिनेश राय सापेला ने चुनाव कार्यक्रम और आदर्श आचार संहिता के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सलूंबर जिले में नगर परिषद सलूंबर के चुनाव द्वितीय चरण में 11 सितंबर को होंगे। मतदान प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 14 सितंबर 2026 को की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय चुनाव में नगर परिषद पार्षद पद के उम्मीदवार के लिए अधिकतम चुनाव खर्च सीमा 2.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, नगरपालिका सदस्य पद के उम्मीदवार के लिए खर्च सीमा 1.50 लाख रुपये रहेगी। चुनाव खर्च का लेखा प्रारूप ‘क’ में परिणामों की घोषणा के 15 दिनों के भीतर जमा करवाना होगा।
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार 19 अगस्त को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले के सभी संबंधित शहरी निकायों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। निकाय चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी।
निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 और द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा। सलूंबर जिले की सलूंबर नगर परिषद में द्वितीय चरण के तहत 11 सितंबर को मतदान होगा। मतगणना के बाद चुनाव परिणाम 14 सितंबर 2026 को घोषित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय चुनाव की अधिसूचना 27 अगस्त 2026 को जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त होगी। 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 3 सितंबर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी और 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। इसके बाद 9 सितंबर को प्रथम चरण और 11 सितंबर को द्वितीय चरण का मतदान होगा। दोनों चरणों में मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। 14 सितंबर को मतगणना होगी।
नगर परिषद के सभापति के अध्यक्ष पद के चुनाव 21 सितंबर 2026 को होंगे। इससे पूर्व अध्यक्ष पदों के लिए 15 सितंबर को लोकसूचना जारी होगी। 16 सितंबर को नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि रहेगी। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 18 सितंबर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। इसी दिन अभ्यर्थिता वापस लेने का समय समाप्त होने के बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। 21 सितंबर को मतदान होगा। मतदान का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतगणना 21 सितंबर को मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात होगी।
निकाय चुनाव में उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन की तिथि 22 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके लिए प्रातः 10 बजे बैठक शुरू होगी। प्रातः 11 बजे नामांकन प्रस्तुत किए जाएंगे और 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। मतदान आवश्यक होने पर दोपहर 2.30 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रत्येक रैली, जुलूस और सार्वजनिक सभा के लिए उपखंड मजिस्ट्रेट की पूर्व अनुमति आवश्यक होगी। चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा नगर परिषद सदस्य के लिए 2,50,000 रुपये तथा नगरपालिका सदस्य के लिए 1,50,000 रुपये निर्धारित की गई है।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम डॉ. दिनेश राय सापेला सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।