सलूम्बर में कार्यालय के भीतर अधिकारियों को अपनी समस्या बताते स्थानीय निवासी।

सलूम्बर से डाल जा रही सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर डाल रोड निवासियों का गुस्सा सामने आया है। स्थानीय लोगों ने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि सड़क करीब दो वर्षों से निर्माण प्रक्रिया में होने के बावजूद अब तक मौके पर कोई ठोस काम शुरू नहीं हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार डाल रोड पर नहर के नीचे की ओर जाने वाले हिस्से में जगह-जगह एक-एक फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। हालात यह हैं कि वाहन चालकों को सड़क पर चलने के बजाय गड्ढों के बीच रास्ता तलाशना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इन गड्ढों के कारण कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों ने शिकायत में बताया कि सड़क की खराब हालत के चलते रोजाना आवागमन करने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता परेशानी और जोखिम का कारण बना हुआ है। सड़क की स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी है और वे सवाल उठा रहे हैं कि यह सड़क है या गड्ढों का रास्ता।

डाल रोड निवासियों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को निर्देश देकर सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाया जाए। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने से उन्हें लंबे समय से बनी परेशानी और सड़क पर बने गड्ढों से राहत मिल सकेगी।

Tags: