तस्वीर में दिख रही अधिकारी जेल परिसर में पुलिस जवानों की सलामी ले रही हैं।   

सलूंबर जिला कारागृह में सोमवार को कारागार विभाग की ओर से औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के भोजन, चिकित्सा, मुलाकात, बैरकों, रसोईघर और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जेल में बंद 72 बंदियों से सीधे उनकी समस्याओं के बारे में पूछा गया। किसी भी बंदी ने गंभीर शिकायत दर्ज नहीं कराई। बंदियों ने जेल प्रशासन के व्यवहार और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।

कारागार विभाग की डीआईजी सुमन मालिवाल ने सबसे पहले जेल कार्यालय में बंदी पंजिका, हवालात रजिस्टर, कार्मिक उपस्थिति पंजिका सहित अन्य रिकॉर्ड की जांच की। सभी अभिलेख अद्यतन पाए गए। इसके बाद मुख्य द्वार, सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों, रसोईघर और पूरे जेल परिसर का निरीक्षण किया गया।

मालिवाल ने बताया कि बंदियों से भोजन, चिकित्सा और मुलाकात की व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत की गई। किसी बंदी ने कोई गंभीर समस्या नहीं बताई। भोजन की गुणवत्ता और राशन की भी जांच की गई, जो संतोषजनक मिला। दाल-सब्जी सहित भोजन की व्यवस्था अच्छी पाई गई। शौचालय भी साफ-सुथरे मिले। निरीक्षण के दौरान एक छोटी सी सीढ़ी की आवश्यकता सामने आई, जिस पर उन्होंने जेल प्रशासन को इसकी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि जेल में फिलहाल 72 बंदी हैं और थोड़ी बहुत ओवरक्राउडिंग महसूस हुई है। इसे देखते हुए व्यवस्थाओं में और सुधार के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकांश बंदी 40 वर्ष से कम आयु के हैं, इसलिए उनके लिए साक्षरता तथा आगे की पढ़ाई से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी विचार किया जाएगा।

नई जेल की जमीन को लेकर भी निरीक्षण के दौरान चर्चा हुई। सलूंबर के लिए प्रस्तावित नई जेल की जमीन के संबंध में मालिवाल ने बताया कि करीब 15 हेक्टेयर जमीन के आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। जमीन की विस्तृत रिपोर्ट जल्द भिजवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सलूंबर नया जिला बना है और वर्तमान जेल भी जिला जेल के रूप में विकसित होगी। ऐसे में उपलब्ध संसाधनों के अनुसार व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लगातार प्रयास किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान जेल प्रभारी मुकेश डामोर, ब्रजमोहन मीणा, मुख्य प्रहरी विजय कुमार मीणा, मुख्य प्रहरी लोकेश पाटीदार, प्रहरी प्रियंका, महिला प्रहरी संतोष, महिला प्रहरी रमिला, महिला प्रहरी हितेश पटेल, प्रहरी गजराज सिंह, प्रहरी अनिल कुमार और प्रहरी मुकेश कुमार सहित जेल स्टाफ मौजूद रहा।

Tags: