सलूम्बर के वार्ड 13 की 10 समस्याओं पर पार्षद महेश गर्ग ने उठाई आवाज, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
सलूम्बर नगर परिषद के वार्ड 13 में सफाई, टूटी सड़कों, नालियों और रोड लाइटों की समस्याओं को लेकर पार्षद महेश गर्ग ने कार्यवाहक आयुक्त एवं एसडीएम जगदीशचन्द बामनिया को ज्ञापन सौंपा। जानिए, किन 10 समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई।
सलूम्बर नगर परिषद के वार्ड संख्या 13 में सफाई, टूटी सड़कों, नालियों और रोड लाइटों से जुड़ी समस्याओं को लेकर पार्षद महेश गर्ग ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त एवं एसडीएम जगदीशचन्द बामनिया को ज्ञापन सौंपकर वार्ड की 10 समस्याओं के समाधान और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में पार्षद ने वार्ड की विभिन्न गलियों में नालियों की बदहाल स्थिति, जल निकासी की समस्या और सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने जैन मंदिर के पीछे सालगिया पोल के सामने वाली गली में बड़ी नाली की उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने का उल्लेख करते हुए इसकी जांच कराने और आवश्यक निर्माण करवाने की मांग की।
इसके अलावा प्यारे लाल टेलर के घर के सामने स्थित हैंडपंप पर चबूतरा बनवाने, जोशी जी की पोल के सामने वाली नाली का पुनर्निर्माण करवाने और प्रकाश सोनी के घर के बाहर लगे लाइट के खंभे को दुरुस्त करवाने की मांग की गई। सत्यनारायण टेलर के घर के पीछे वाली गली में टूटी सड़क की मरम्मत तथा गांधी मूर्ति के सामने नाली पर लगी जाली को ठीक करवाने की आवश्यकता भी ज्ञापन में बताई गई।
वार्ड में प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए पार्षद ने सभी रोड लाइटें बदलवाने और दिगंबर जैन मंदिर के पीछे वाली गली में अतिरिक्त रोड लाइट लगवाने की मांग रखी। इसके साथ ही वार्ड में घूमते पशुओं को गोशाला पहुंचाने की व्यवस्था करने का मुद्दा भी उठाया।
ज्ञापन में गांधी चौक स्थित गार्डन की सफाई करवाने और लंबे समय से बंद पड़े फव्वारे को दोबारा सुचारू रूप से चालू करवाने की मांग भी शामिल है। पार्षद महेश गर्ग ने नगर परिषद प्रशासन से इन सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करवाने का आग्रह किया, ताकि वार्ड के निवासियों को मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों से राहत मिल सके।