तस्वीर में सलूम्बर में आयोजित सभा के दौरान मंच के सामने बैठे भाजपा नेता और कार्यकर्ता।

सलूम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को सलूम्बर में भाजपा की ओर से ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित जैन बोर्डिंग में आयोजित सभा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उनकी उपलब्धियों का उल्लेख किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को सुनने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सलूम्बर विधायक शांता अमृतलाल मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर जोशी, धरियावाद विधानसभा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोनल मीणा, भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं प्रमुख नेता मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए अतिथियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। देश आज आत्मनिर्भरता, विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की ओर अग्रसर है।

वक्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

सभा के बाद जैन बोर्डिंग सभागार से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ रवाना हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। यात्रा उदयपुर रोड स्थित आशीर्वाद गार्डन तिराहे तक पहुंची, जहां विधिवत सेवा ज्योति स्थापित की गई। सेवा ज्योति यात्रा के जरिए कार्यक्रम सभा तक सीमित नहीं रहा और शहर में सेवा तथा विकास के संकल्प का संदेश पहुंचाया गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को देश सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक बताते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान महामंत्री नरेन्द्र सुथार, निर्वतमान सेमारी प्रधान दुर्गाप्रसाद मीणा, पंचायत समिति निर्वतमान उपप्रधान देवेन्द्रसिंह अजबावत, निर्वतमान पंचायत समिति नेता प्रतिपक्ष सोहनलाल चौधरी, रामेश्वर जोशी, पार्षद कैलाश गांधी, जहीर खां, अखिलेश बाहेती, जयप्रकाश मेघवाल, दुष्यन्त भट्ट, संजय चाष्टा सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags: