तस्वीर में जिला कलक्टर और पुलिस अधिकारी खुले मैदान में खड़े होकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए।

सलूम्बर, 5 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नगर परिषद सलूम्बर में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित चुनाव कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मुहम्मद जुनेद पी.पी. की अध्यक्षता में जिला कलक्टर कार्यालय स्थित वीसी रूम में कानून एवं शांति व्यवस्था सहित निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

कानून एवं शांति व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मतदान दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था तथा आवश्यक कानून-व्यवस्था संबंधी प्रबंधों पर चर्चा हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर परिषद सलूम्बर क्षेत्र के क्रिटिकल तथा संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों की परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दिवस से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय पर तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, निर्वाचन सामग्री, कार्मिकों की व्यवस्थाओं एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर संबंधित अधिकारियों को सजगता एवं गंभीरता के साथ कार्य करने के लिए कहा गया।

बैठक में आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने संबंधी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीयूष चावला, रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चंद्र बामणिया सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि नगर परिषद सलूम्बर के आम चुनाव-2026 के तहत मतदान 11 सितम्बर 2026 को तथा मतगणना 14 सितम्बर 2026 को निर्धारित है। जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Tags: