तस्वीर में सलूंबर स्थित रिद्धि सिद्धि रेस्टोरेंट का मुख्य प्रवेश द्वार दिखाई दे रहा है।   

सलूंबर, 30 सितंबर 2026। प्रदेश में संचालित “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत 24 से 30 सितंबर तक चलाए गए विशेष अभियान में सलूंबर जिले में निजी एवं राजकीय अस्पतालों के आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट, नाश्ता सेंटर एवं अन्नपूर्णा रसोई की सघन जांच की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के साथ करीब 15 किलो अवधि-पार/दूषित खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार संचालित अभियान के तहत जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. तथा अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सलूंबर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।

निरीक्षण के दौरान मैसर्स रिद्धि-सिद्धि रेस्टोरेंट से बेसन तथा अन्नपूर्णा रसोई से चावल एवं आटा घी के नमूने लिए गए। इसी दौरान एक किराना स्टोर पर लगभग 15 किलोग्राम अवधि-पार/दूषित खाद्य सामग्री मिली। इसमें घी, मसाले एवं सूजी शामिल थी। खाद्य सुरक्षा दल ने संबंधित सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया।

खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस की पालना नहीं करने पर नियमानुसार लाइसेंस निरस्त करने सहित अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अभिहित अधिकारी डॉ. महेंद्र परमार ने बताया कि आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा दल द्वारा जिले में निरंतर निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों एवं स्वच्छता नियमों की पालना सुनिश्चित करने की अपील की।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी निशा मीणा एवं सहायक शूरवीर सिंह उपस्थित रहे। अभियान के तहत हुई कार्रवाई में अवधि-पार एवं दूषित खाद्य सामग्री की मौके पर जब्ती और नष्ट कराने के साथ खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों की पालना पर भी निगरानी की गई।

Tags: