सलूंबर में मदन राठौड़ के कथित बयान पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंककर BJP को घेरा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान संबंधी कथित बयान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने सलूंबर में प्रदर्शन कर पुतला दहन किया।
सलूंबर के आशीर्वाद गार्डन चौराहे पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित बयान के विरोध में पुतला दहन करते जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता और कार्यकर्ता।
सलूंबर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित बयान को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पाकिस्तान के मुद्दे पर पार्टी की दोहरी नीति उजागर हुई है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर बयान के प्रति नाराजगी जताई।
कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां से मदन राठौड़ का पुतला लेकर आशीर्वाद गार्डन चौराहे पहुंचे और नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने कथित बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए भाजपा की नीतियों की आलोचना की।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने वर्ष 2014 से हिंदू-मुस्लिम और पाकिस्तान के मुद्दों को लेकर राजनीति की है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार पाकिस्तान को दुश्मन देश बताते हुए उसके खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात करती रही है, लेकिन अब प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का कथित बयान पार्टी की दोहरी नीति को उजागर करता है।
मेहता ने कहा कि मदन राठौड़ के बयान में अमेरिका की ओर से पाकिस्तान पर हमला किए जाने की स्थिति में भारत के पाकिस्तान के साथ खड़े रहने और उसकी सहायता करने की बात कही गई है। कांग्रेस ने इसी बयान को लेकर विरोध दर्ज कराया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के लिए पाकिस्तान और देश की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सख्त रुख अपनाने की बात करती रही है। ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष का कथित बयान पार्टी की पूर्व में अपनाई गई नीति से अलग दिखाई देता है। उन्होंने इस बयान की घोर निंदा करते हुए कहा कि प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता इसके विरोध में आवाज उठा रहे हैं।
पुतला दहन कार्यक्रम में सलूंबर जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य, नगर परिषद सभापति नरेश जैन, कांग्रेस के पार्षद, पूर्व पार्षद, पूर्व उपसभापति सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित बयान के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।