देवगढ़ थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर तलवार लहराने और बाइक पर स्टंट करने की रील बनाकर आमजन में दहशत फैलाने के आरोप में 19 वर्षीय देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है।

राजसमंद जिले के देवगढ़ में सोशल मीडिया पर रील बनाकर दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। बाइक पर खतरनाक स्टंट करने और तलवार लहराने का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद देवगढ़ थाना पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। युवक सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह की रील बनाकर पोस्ट कर रहा था।

मामले में पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और भीम वृत्ताधिकारी राकेश कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

इंस्टाग्राम पर वायरल हुई रील के आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान देवेंद्र सिंह उर्फ खुमसिंह पुत्र मूल सिंह, निवासी स्वाडड़ी, थाना देवगढ़, जिला राजसमंद के रूप में की। उसकी उम्र 19 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, युवक बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट करने के साथ तलवार लहराकर आमजन में भय और दहशत का माहौल पैदा करने वाली रील सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और खतरनाक स्टंट से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद देवगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई की गई।

Tags: