तुलसा देवी पालीवाल ने भैंसाकमेड़ में ग्रहण किया सरपंच पद
लाभ पंचमी के अवसर पर संतों के सानिध्य और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों ने गांव के विकास का संकल्प लिया।
भैंसाकमेड़ में पदग्रहण समारोह के दौरान सरपंच तुलसा देवी पालीवाल और संत राम दरबार के पास मौजूद।
खमनोर (प्रातःकाल संवाददाता)। खमनोर पंचायत समिति के गांव भैंसाकमेड़ में नवनिर्वाचित सरपंच तुलसा देवी पालीवाल के पदग्रहण समारोह में जनसैलाब उमड़ पड़ा। लाभ पंचमी के शुभ अवसर पर आयोजित समारोह में पूरे गांव की मौजूदगी और संत-महात्माओं के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने पदभार ग्रहण किया।
मनोहर बालाजी के आशीर्वाद के साथ सरपंच तुलसा देवी पालीवाल, उपसरपंच हेमंत सिंह चौहान एवं समस्त वार्ड पंचों ने विधिवत पद स्वीकार किया। इस दौरान सभी ने गांव की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने और आमजन की सेवा में तत्पर रहने का संकल्प लिया। समारोह में सरपंच की सीट पर राम दरबार को आसीन किया गया।
सरपंच पुत्र दिनेश पालीवाल ने इस जीत को पूरे गांव की जीत बताते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक आशीर्वाद मिला है, जिसके लिए वे जिंदगीभर आभारी रहेंगे। वहीं, अमर विधायक कल्याण सिंह जी चौहान के ज्येष्ठ पुत्र योगेंद्र सिंह चौहान ने समारोह में उमड़े जनसैलाब का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि गांव के विकास में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
इस अवसर पर खमनोर कैलाश टेकरी के संत ज्ञानानंद जी, गांवगुड़ा संत, चेतन नाथजी सहित अनेक संत-महात्माओं का सानिध्य रहा। राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से खमनोर मंडल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नवनीत दवे, पूर्व मंडल महामंत्री विनोद पालीवाल, वर्तमान मंडल महामंत्री कृष्ण देव सिंह, चेतन्य पंवार, मीडिया प्रभारी सुरेश दवे और सज्जन सिंह झला सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित सरपंच की जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ जश्न मनाया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सामूहिक भोजन एवं महाप्रसाद का आयोजन भी किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, संतों के आशीर्वाद और ग्रामीणों की व्यापक भागीदारी के बीच संपन्न पदग्रहण समारोह में गांव के नवनिर्वाचित नेतृत्व ने जनसेवा और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।