आमेट खो-खो प्रतियोगिता में पनोतिया, सियाणा, कुंचोली और पीपली डोडियान फाइनल में
आमेट की जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद कुंचोली, पीपली डोडियान, पनोतिया और सियाणा फाइनल में पहुंचे।
तस्वीर में आमेट के खेल स्टेडियम में आयोजित खो-खो प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी और गणमान्य लोग नजर आ रहे हैं।
आमेट में सेठ तख्तमल कच्छारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम के तत्वावधान में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गिरीजा शंकर मिश्रा के निर्देशन में पीएम श्री खेल स्टेडियम में चल रही 35वीं जिला स्तरीय खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन सेमीफाइनल मुकाबले हुए। इनमें 17 वर्ष छात्र वर्ग में कुंचोली और पीपली डोडियान, जबकि 19 वर्ष छात्र वर्ग में पनोतिया और सियाणा की टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल मैच केन्द्राध्यक्ष कालूराम की अध्यक्षता और मुख्य अतिथि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ आमेट के ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश वैष्णव के आतिथ्य में आयोजित हुए। शिक्षक रतन लाल जाट ने बताया कि खो-खो 17 वर्ष छात्र वर्ग के सेमीफाइनल में राउमावि कुंचोली ने राउमावि धनेरियागढ़ को पराजित किया, जबकि राउमावि पीपली डोडियान ने राउमावि बिनोल को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
इसी तरह 19 वर्ष छात्र वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में राउमावि पनोतिया ने राउमावि बिनोल को तथा राउमावि सियाणा ने राउमावि जेतपुरा को कड़े मुकाबले में पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल मैच से पूर्व केन्द्राध्यक्ष कालूराम, मुख्य अतिथि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ अध्यक्ष मुकेश वैष्णव और विशिष्ट अतिथि राउप्रावि मुंडकोशिया के प्रधानाध्यापक राजेन्द्र सिंह चुण्डावत ने खिलाड़ियों से परिचय किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में शारीरिक शिक्षा प्राध्यापक चंचल विश्नोई, उर्वशी मीणा, महेंद्र कुमार रेगर, सोहनलाल पूर्बिया, हेमंत नाथ, विकास कुमार, सम्पत मीणा, ग्राउंड प्रभारी प्राध्यापक जगदीश चन्द्र शर्मा, पारस जाट, राधेश्याम आछेरा, नरेश साफेला, राम नारायण सालवी, हर लाल रेगर, जीतेन्द्र सिंह, सूरजपाल, मनोहर लाल रेगर, प्रेम शर्मा, पारस रेगर, सुनील कुमार बराला, रचना आढ़ा, लादू लाल, अर्चना, फाल्गुनी गुर्जर और मुकेश रेगर आदि उपस्थित रहे।
इस तरह 35वीं जिला स्तरीय खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता के 17 वर्ष छात्र वर्ग के फाइनल में राउमावि कुंचोली और राउमावि पीपली डोडियान तथा 19 वर्ष छात्र वर्ग के फाइनल में राउमावि पनोतिया और राउमावि सियाणा आमने-सामने होंगे।