तस्वीर में गांधी पब्लिक स्कूल के बच्चे राधा-कृष्ण की पारंपरिक वेशभूषा में खड़े दिख रहे हैं।

आमेट। समीपवर्ती आगरिया स्थित गांधी पब्लिक स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं और आदर्शों को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी राधा-कृष्ण, ग्वाल-बाल और श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं पर आधारित आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया।

विद्यार्थियों ने कृष्ण भजन, नृत्य, गीत, कृष्ण की बाल लीलाओं तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं मटकी फोड़ कार्यक्रम ने सभी में विशेष उत्साह भर दिया। ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक धर्मेश सालवी ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं शिक्षाओं से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, प्रेम, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, सदाचार एवं विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं त्योहारों के माध्यम से बच्चों में संस्कार, नैतिक मूल्यों और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष माननीय शिव सिंह की ओर से नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रक्षा कंवर, कांता गर्ग, लक्ष्मी गुर्जर, गायत्री कुमावत, लक्ष्मी रावणा, आरती सुथार एवं ललिता वैष्णव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव एवं आनंद का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

Tags: