तस्वीर में प्रतापगढ़ नगर निकाय चुनाव के विजेता और जश्न मनाते कार्यकर्ता दिख रहे हैं।

प्रतापगढ़ जिले की चारों नगर निकायों में सोमवार को अध्यक्ष पद के चुनाव के साथ स्थानीय राजनीति की तस्वीर साफ हो गई। प्रतापगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस की ज्योति सोनी ने 21 वोट हासिल कर सभापति पद पर जीत दर्ज की। भाजपा की मनीषा जैन को 18 वोट मिले, जबकि एक वोट खारिज हुआ। ज्योति सोनी की जीत के साथ प्रतापगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बन गया। जीत के बाद गांधी चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान पूर्व विधायक रामलाल मीणा और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

छोटीसादड़ी नगर पालिका में भाजपा के प्रदीप व्यास ने 13 वोट हासिल कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उनके निर्वाचित होने के साथ छोटीसादड़ी में भाजपा का बोर्ड बना।

वहीं अरनोद नगर पालिका में भाजपा के राहुल मीणा ने 15 वोट हासिल किए और नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष बने। राहुल मीणा की जीत के साथ अरनोद में भी भाजपा का बोर्ड बना।

धरियावद नगर पालिका में अध्यक्ष पद का मुकाबला बराबरी पर रहा। भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी को 10-10 वोट मिले। इसके बाद लॉटरी के जरिए फैसला किया गया, जिसमें भाजपा की रेखा चौधरी अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। इस तरह धरियावद में भी भाजपा का बोर्ड बना। जीतने के बाद बाहर निकलते समय नव निर्वाचित अध्यक्ष भाजपा की रेखा चौधरी ने अपने दोनों बेटों को गले लगाया।

चारों निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। मतदान और मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रतापगढ़ में जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग, उपाधीक्षक बाबूलाल मुरारिया और शहर कोतवाल शंभूसिंह सहित पुलिस बल तैनात रहा।

चुनाव परिणाम सामने आने के साथ ही प्रतापगढ़ जिले की चारों नगर निकायों में अध्यक्ष पद को लेकर तस्वीर साफ हो गई। प्रतापगढ़ में कांग्रेस की ज्योति सोनी सभापति बनीं, जबकि छोटीसादड़ी में प्रदीप व्यास, अरनोद में राहुल मीणा और धरियावद में लॉटरी के जरिए रेखा चौधरी अध्यक्ष निर्वाचित हुईं।

Tags: