नीमच-छोटीसादड़ी मार्ग पर दंपती पर हमला और लूट, पुलिस गश्त की मांग
धामनिया और नाराणी चौकी के बीच वारदात से स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल, पुलिस से असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग।
नीमच-छोटीसादड़ी मार्ग पर रात के समय एक बार फिर असामाजिक तत्वों की सक्रियता सामने आई है। धामनिया गांव से नाराणी चौकी के बीच बुधवार रात करीब साढ़े 8 से 9 बजे के बीच स्कूटर से घर लौट रहे दंपती पर रास्ते में घात लगाए बैठे बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ लूट की वारदात भी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार छोटीसादड़ी निवासी शैलेन्द्र मुरडिया अपनी पत्नी के साथ नीमच चिकित्सालय से स्कूटर पर छोटीसादड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान मार्ग में असामाजिक तत्वों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में दंपती लहूलुहान हो गए। गंभीर घायल अवस्था में किसी तरह छोटीसादड़ी पहुंचे। उनकी हालत देखकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और उन्हें चिकित्सालय पहुंचाया।
चिकित्सकों ने दंपती की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद दोनों को उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया।
रात में सफर करने से कतरा रहे लोग
घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर असामाजिक तत्वों की सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि धामनिया से नाराणी चौकी के बीच रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को पहले भी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। घटना के बाद रात में इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। लोगों ने मार्ग पर पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता जताई है।
पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर लोगों में आक्रोश भी है। लोगों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि अपराधियों में पुलिस और कानून का भय बना रहे। लोगों ने कहा कि अपराधी किसी भी राजनीतिक दल या प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़े हों, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस से विशेष अभियान चलाकर नीमच-छोटीसादड़ी मार्ग पर सक्रिय असामाजिक तत्वों की पहचान करने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। घटना ने धामनिया गांव से नाराणी चौकी के बीच रात के आवागमन की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।