सावन के पहले सोमवार पर प्रतापगढ़ के दीपनाथ महादेव में विशेष रुद्राभिषेक, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने की पूजा

प्रतापगढ़ के दीपनाथ महादेव मंदिर में सावन के प्रथम सोमवार पर विशेष रुद्राभिषेक हुआ। राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और उत्तम वर्षा की कामना की।

Update: 2026-08-03 13:17 GMT

तस्वीर में प्रतापगढ़ के दीपनाथ महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव के रुद्राभिषेक अनुष्ठान में शामिल लोग दिखाई दे रहे हैं।

सावन मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर प्रतापगढ़ शहर स्थित दीपनाथ महादेव मंदिर में देवस्थान विभाग की ओर से भगवान शिव का विशेष रुद्राभिषेक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन में राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम वर्षा की कामना की।

देवस्थान विभाग की ओर से आयोजित इस वार्षिक परंपरा के तहत सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक, पूजन एवं आरती संपन्न हुई। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

विधायक प्रतिनिधि रितेश सोमानी ने बताया कि सावन माह के प्रथम सोमवार को प्रतिवर्ष देवस्थान विभाग की ओर से विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ।

आयोजन के दौरान मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की तथा धार्मिक वातावरण में सावन के प्रथम सोमवार का आयोजन श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।

Tags:    

Similar News