छोटी सादड़ी: गौशालाओं में 3 हजार गायों को खिलाई 80 क्विंटल लापसी
भारत विकास परिषद ने परंपरा को निभाते हुए चार गौशालाओं में गायों को पौष्टिक लापसी व चिप्स का भोग लगाया, निकाली भक्तिमय शोभायात्रा।
तस्वीर में छोटी सादड़ी में बड़े बर्तनों में रखी लापसी के पास खड़े परिषद सदस्य।
छोटी सादड़ी। भारत विकास परिषद शाखा छोटी सादड़ी के तत्वावधान में रविवार को उपखंड क्षेत्र की चार प्रमुख गौशालाओं में गौसेवा का आयोजन किया गया। जमलावदा, करजू, चैनपुरिया और बारावरदा की गौशालाओं में करीब 3 हजार गायों को 80 क्विंटल पौष्टिक लापसी और 3 क्विंटल आलू की चिप्स खिलाई गई। पांच वर्षों से चली आ रही इस सेवा परंपरा में नगर के गणमान्य नागरिकों, परिषद कार्यकर्ताओं और गौभक्तों ने उत्साह से भाग लिया।
लापसी वितरण से पहले गांधी चौराहे से भक्ति मय चल समारोह निकाला गया। नरसी मंदिर, चारभुजा मंदिर, सदर बाजार, प्रताप चौक और अन्नपूर्णा माता मंदिर होते हुए चल समारोह पुनः गांधी चौराहे पहुंचा। चारभुजा मंदिर में भगवान चारभुजा नाथ को लापसी का भोग लगाया गया। इस दौरान श्रद्धालु भजनों पर नाचते-गाते नजर आए। नगर में जगह-जगह चल समारोह का स्वागत किया गया।
गांधी चौराहे पर भाजपा नगर अध्यक्ष प्रकाश कुमावत, वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर अग्रवाल, पालिका उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पुरुषोत्तम उपाध्याय, राकेश इंदौरा और कैलाश इंदौरा सहित कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद चारों गौशालाओं के लिए लापसी से भरे ट्रैक्टर रवाना किए गए। परिषद शाखा अध्यक्ष अनिल कुमार बंबोरिया ने बताया कि लापसी तैयार करने का काम एक दिन पहले सगस बावजी स्थान पर किया गया। नगरवासियों और परिषद कार्यकर्ताओं के सहयोग से पिछले पांच वर्षों से यह आयोजन निरंतर किया जा रहा है।
जमलावदा स्थित ग्वाल गोपाल गौशाला में डॉ. जगन्नाथ सोलंकी, सुरेश जिंदल, सुशील अग्रवाल, पंकज बंसल, नरेंद्र नरेड़ी, अमृत बंडी, शुभम आंजना, विक्रम कोठारी, प्रेम टेलवानी सहित कई गौभक्तों ने गायों को लापसी खिलाई। अतिथियों का तिलक और उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया गया। गौशाला की ओर से पुष्कर शर्मा ने आभार जताया।
करजू की हुरा बा गौशाला में लक्ष्मीनारायण चौहान, शांतिलाल कुमावत, किशन सिंधी, कल्पना चौहान, राजमल देवड़ा और अर्ष गुप्ता सहित गौभक्तों ने गायों को लापसी खिलाई। चैनपुरिया की जैन गौशाला में सेवानिवृत्त तहसीलदार गुणवंत माली, दीपक राव मराठा, अनिल चौहान, रवि राव मराठा, पंकज मुरड़िया, राहुल सोनी, माणक टेलर सहित गौभक्तों का स्वागत किया गया। व्यवस्थापक रमेश ने तिलक और उपरना ओढ़ाकर अतिथियों का सम्मान किया।
बारावरदा की महावीर ग्वाल गोपाल गौशाला में प्रकाश कुमावत, प्रमोद कोठारी, अनिल बंबोरिया, अविनाश गौड़, रमेश पारीक, आस्था पारीक, प्रवीण गर्ग, राकेश इंदौरा, ब्रह्मदेव टेलर, प्रवीण शर्मा, अरविंद वया, कैलाश डूंगरवाल और जयप्रकाश गुर्जर सहित गौसेवा समिति के सदस्यों ने गौसेवा में भाग लिया।
परिषद सचिव अनिल चौहान ने बताया कि चारों गौशालाओं में करीब 3 हजार गायों को लापसी और आलू की चिप्स खिलाई गई। कार्यक्रम संयोजक सुशील अग्रवाल और सह-संयोजक दीपक राव मराठा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी गौभक्तों, परिषद कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का आभार जताया। व्यवस्था में छगन उपाध्याय, दुर्गादास तनवानी, कांतिलाल मुरड़िया, कारूलाल कुमावत, दीपक भाटी सहित परिषद के सदस्यों का सहयोग रहा।