तस्वीर में बाएं ओर अभिनेता रजनीकांत और दाएं ओर नाना पाटेकर दिखाई दे रहे हैं।   

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर ने रजनीकांत के राजनीति में प्रवेश को लेकर पहले ही चिंता जताई थी। रजनीकांत ने 31 दिसंबर 2017 को राजनीति में आने का ऐलान किया था। इसके बाद 2018 में दिए एक इंटरव्यू में नाना पाटेकर ने कहा था कि रजनीकांत बहुत सीधे और ईमानदार व्यक्ति हैं, जबकि राजनीति में अलग तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

नाना पाटेकर ने रजनीकांत को व्यक्तिगत तौर पर आगाह करते हुए कहा था कि राजनीति में आने के बाद उनके प्रशंसकों को उनसे सवाल करने का अधिकार मिल जाएगा। उन्होंने कहा था कि जो लोग आज रजनीकांत को प्यार और सम्मान देते हैं, वे राजनीति में आने के बाद उनके फैसलों और वादों पर सवाल उठा सकते हैं। नाना को यह भी चिंता थी कि राजनीतिक वादे पूरे नहीं होने की स्थिति में इसका असर रजनीकांत की फिल्मी छवि पर भी पड़ सकता है।

'वे बहुत सीधे-सादे हैं, इसलिए मुझे डर लगता है'

नाना पाटेकर ने उस समय कहा था कि केवल अच्छा और ईमानदार होना राजनीति के लिए पर्याप्त नहीं है। उनके मुताबिक राजनीतिक क्षेत्र में चालाकी और कूटनीति की जरूरत होती है, जबकि रजनीकांत और वे खुद इस तरह के स्वभाव के नहीं हैं। उन्होंने रजनीकांत को राजनीति में प्रवेश के फैसले पर गंभीरता से विचार करने की सलाह दी थी।

नाना पाटेकर का मानना था कि अभिनेता और राजनीति की दुनिया को एक साथ चलाना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा था कि किसी राजनीतिक दल के किसी सदस्य की गलती का असर पार्टी के प्रमुख चेहरे पर पड़ सकता है। उनके अनुसार अभिनेता को जनता उसके फिल्मी काम के लिए पसंद करती है, जबकि राजनीति में पार्टी के कामकाज को लेकर अलग तरह की जवाबदेही होती है।

'अभिनेता को राजनीति में आना है तो एक्टिंग छोड़ देनी चाहिए'

नाना पाटेकर ने अपने पुराने इंटरव्यू में यह भी कहा था कि कलाकारों को राजनीतिक पार्टी बनाने या राजनीति में आने से बचना चाहिए। उनका तर्क था कि यदि किसी अभिनेता की पार्टी का कोई सदस्य गलती करता है तो उसकी जिम्मेदारी भी अभिनेता पर आ सकती है। उन्होंने कहा था कि किसी टीम का हर सदस्य एक जैसा अच्छा नहीं हो सकता और अभिनय तथा राजनीति को एक साथ मिलाना आसान नहीं है।

नाना पाटेकर और रजनीकांत ने पा. रंजीत की 2018 में रिलीज हुई तमिल फिल्म 'काला' में साथ काम किया था। फिल्म में रजनीकांत ने करिकालन की भूमिका निभाई थी, जबकि नाना पाटेकर ने हरि दादा का किरदार निभाया था।

Tags: