तस्वीर में इंदौर सराफा बाजार में व्यापारी द्वारा तैयार किए गए पीएम मोदी के चांदी के सिक्के दिख रहे हैं.

धनतेरस पर इंदौर के सराफा बाजार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति एक व्यापारी की अनोखी दीवानगी चर्चा का विषय बन गई है। सराफा व्यापारी निर्मल घुंघरू वर्मा ने इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर को चांदी के 14 विशेष स्मृति सिक्कों में उकेरकर सबका ध्यान आकर्षित किया है। इन सिक्कों के माध्यम से वर्ष 2014 से लेकर 2026 तक के सफर की अलग-अलग झलकियां पेश की गई हैं।

धनतेरस के अवसर पर सोने-चांदी के बाजार में रौनक छाई हुई है। दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और लोग अपनी पसंद के अनुसार कीमती धातुओं की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। इसी बीच इंदौर के सराफा बाजार में तैयार किए गए ये 14 विशेष सिक्के लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

निर्मल घुंघरू वर्मा ने इस बार धनतेरस पर कुछ अलग करने का फैसला किया। उन्होंने बाजार में सामान्य रूप से मिलने वाले सिक्कों के बजाय गोल आकार के 14 विशेष चांदी के स्मृति सिक्के तैयार करवाए हैं। इन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी अलग-अलग तस्वीरें उकेरी गई हैं। सिक्कों की खासियत यह है कि इनके जरिए वर्ष 2014 से 2026 तक के राजनीतिक सफर को दर्शाने का प्रयास किया गया है।

इन सिक्कों में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की तस्वीर को भी जगह दी गई है। इसके बाद अलग-अलग वर्षों से जुड़ी तस्वीरें उकेरी गई हैं। सभी 14 सिक्कों को एक साथ देखने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर की झलक मिलती है। सराफा बाजार में आने वाले लोग भी इन्हें देखकर रुक रहे हैं और करीब से इनकी बारीकियों को देखने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

हर धनतेरस पर मोदी से जुड़ी खास चीज बनवाते हैं निर्मल

सराफा व्यापारी निर्मल घुंघरू वर्मा ने बताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़े प्रशंसक हैं और पूरे साल धनतेरस के दिन का इंतजार करते हैं। हर साल इस खास अवसर पर वे मोदी से जुड़ी सोने या चांदी की कोई अनोखी वस्तु तैयार करवाते हैं।

निर्मल के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चांदी की प्रतिमा बनवा चुके हैं। इसके बाद उन्होंने सोने की तस्वीर भी तैयार करवाई थी। एक धनतेरस पर उन्होंने चांदी का नोट भी बनवाया था। उनका कहना है कि हर बार उनकी कोशिश रहती है कि धनतेरस पर कुछ ऐसा तैयार कराया जाए, जो पहले से अलग हो और लोगों का ध्यान आकर्षित करे।

इसी सोच के साथ इस बार उन्होंने एक-दो नहीं, बल्कि 14 चांदी के विशेष सिक्के बनवाए हैं। इन सिक्कों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2014 से 2026 तक के सफर को समेटने की कोशिश की गई है। धनतेरस पर इंदौर के सराफा बाजार में यह अनूठा संग्रह आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।