लोनी के पूर्व भाजपा नेता अनिल कसाना ने शनिवार को अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ली।  

लोनी (गाजियाबाद)। लोनी की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय भाजपा नेता अनिल कसाना उर्फ अनिल प्रमुख ने पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। शनिवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके इस राजनीतिक बदलाव को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले लोनी की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

सपा में शामिल होने के बाद अनिल कसाना ने कहा कि जहां सम्मान न मिले, वहां नहीं रहना चाहिए। वह लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय रहे हैं। भाजपा के समर्थन से ब्लॉक प्रमुख का चुनाव जीतकर वह इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके हैं।

लोनी के ग्रामीण क्षेत्रों और गुर्जर समाज में अनिल कसाना की राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। क्षेत्रीय राजनीति में उनकी सक्रियता और पूर्व में निभाई गई जिम्मेदारियों के चलते उनकी पहचान एक प्रभावशाली स्थानीय नेता के रूप में रही है।

भाजपा से टिकट की दावेदारी के बावजूद नहीं मिला था मौका

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में अनिल प्रमुख ने लोनी विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट के लिए दावेदारी पेश की थी, लेकिन पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाया। भाजपा ने इस सीट से नंदकिशोर गुर्जर को चुनाव मैदान में उतारा था।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर ने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रत्याशी मदन भैया को 8676 मतों से पराजित किया था।

अब अनिल प्रमुख के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद लोनी विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। खासकर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उनका यह फैसला क्षेत्र में भाजपा और सपा की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।