निमाज के राजकीय विद्यालय में भामाशाह परिवार की पहल, विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री और नाश्ता वितरित
भामाशाह परिवार ने स्वर्गीय इंद्रा देवी गंगवाल की पुण्यतिथि पर सरकारी स्कूल के छात्रों को अध्ययन सामग्री और आवश्यक उपकरण भेंट किए।
ब्यावर के निमाज स्थित सेठ मेघराज ठोलिया राजकीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शंकर लाल शर्मा, संस्था प्रधान जवरी लाल प्रजापत और शिक्षकगण अतिथियों के साथ मंच पर उपस्थित रहे।
ब्यावर के निमाज स्थित सेठ मेघराज ठोलिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री और नाश्ता वितरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री सुगन जीव दया संघ निमाज, ईचलकरणजी, जयश्री ज्ञानचंद एवं चार्मी आदित्य कुमार की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में भामाशाह परिवार ने अपनी पूजनीय माताजी स्वर्गीय इंद्रा देवी सुगनचंद गंगवाल की 27वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं को शिक्षण सामग्री और नाश्ता वितरित करवाया।
इस पहल के लिए ज्ञानचंद आदित्य कुमार गंगवाल, बी-44, सुगन इंद्रा वर्धमान जैन सोसाइटी, ईचलकरणजी-416115, कोल्हापुर, महाराष्ट्र की ओर से सहयोग प्रदान किया गया। विद्यालय के संस्था प्रधान जवरी लाल प्रजापत ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शंकर लाल शर्मा तथा भामाशाह प्रेरक एवं निमाज के भूतपूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष पारस मल जैन के आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित करवाया।
इस अवसर पर संस्था प्रधान जवरी लाल प्रजापत ने बताया कि भामाशाह परिवार की ओर से प्रतिवर्ष विद्यालय को सहयोग प्रदान किया जाता है। शिक्षण सामग्री के साथ विद्यालय की आवश्यक वस्तुओं, जैसे अलमारी आदि के लिए भी इस संगठन की ओर से सहयोग दिया गया है। उन्होंने भामाशाह परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विद्यालय को इसी प्रकार सहयोग प्रदान करते रहने की अपेक्षा जताई।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शंकर लाल शर्मा ने विद्यार्थियों और भामाशाह परिवार को प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से दृढ़ संकल्प के साथ अपने कर्म पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि वे भविष्य में बड़े भामाशाह बनें और जहां देश तथा समाज को आवश्यकता पड़े, वहां अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आएं।
कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए संगठन के सदस्य मोदक प्रसाद सोनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय को सहयोग प्रदान करते रहने की बात कही।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक हजारी लाल रोलानियां, लक्षित वैष्णव, हिम्मत पुरी, बिरजू दायमा, चेतन सोलंकी, प्रिया टेलर, प्रीति जांगिड़ और अंजलि खिड़िया सहित अभिभावकगण उपस्थित रहे। भामाशाह परिवार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा के प्रति सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी प्रोत्साहित किया गया।