पिंजरे में बंद बंदर दिख रहे हैं जिन्हें रायपुर कस्बे में नगर पालिका की कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया है।

रायपुर कस्बे में बंदरों के उत्पात से परेशान महिलाओं को आखिरकार राहत मिली। पब्लिक न्यूज़ पर समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उत्पाती बंदरों को पकड़वाया। नगर पालिका अध्यक्ष मदनलाल बागड़ी की पहल और अधिशासी अधिकारी लक्ष्मण सागर के विशेष सहयोग से यह कार्रवाई की गई।

दरअसल, रायपुर कस्बे में बंदरों का उत्पात लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। बंदर घरों में घुसकर सामान बिखेरने और नुकसान पहुंचाने के साथ ही मकानों की छतों पर सूखने के लिए रखी राबड़ी को खराब कर रहे थे। इसके अलावा पानी की टंकियों, मकानों के गेट और पोर्टिको को भी नुकसान पहुंचा रहे थे। बंदरों की इस गतिविधि से विशेष रूप से महिलाएं परेशान थीं।

महिलाओं की इस समस्या को पब्लिक न्यूज़ ने प्रमुखता से प्रसारित किया। खबर सामने आने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष मदनलाल बागड़ी के नेतृत्व में नगर पालिका प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू करवाई।

इस कार्रवाई में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) लक्ष्मण सागर का विशेष सहयोग रहा। उनके सहयोग से उत्पाती बंदरों को पकड़वाया गया, जिससे घरों में बंदरों के घुसने और सामान को नुकसान पहुंचाने की समस्या से परेशान महिलाओं को राहत मिली।

कार्रवाई के बाद महिलाओं ने संतोष जताते हुए समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया। पब्लिक न्यूज़ पर खबर प्रसारित होने के बाद प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई से कस्बे की प्रभावित महिलाओं को राहत मिली है।

Tags: