ब्यावर में अवैध बजरी परिवहन पर शिकंजा, ट्रेलर जब्त कर चालक गिरफ्तार

ब्यावर में पुलिस ने अवैध बजरी से भरा ट्रेलर जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया, दस्तावेज नहीं मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

Update: 2026-07-24 13:23 GMT

तस्वीर में पुलिसकर्मी बजरी से भरे ट्रेलर की जांच करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो ब्यावर क्षेत्र में खड़ा है।

जिले में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साकेत नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरा एक ट्रेलर जब्त किया है। पुलिस ने मामले में ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उजैनिया तथा वृताधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में साकेत नगर थाना पुलिस ने जीरो पुलिया के पास कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस टीम ने ट्रेलर नंबर आरजे 01 जीबी 5867 को रोककर जांच की।

जांच में ट्रेलर में बजरी भरी हुई मिली। पुलिस ने चालक से बजरी परिवहन के संबंध में वैध रवन्ना (टीपी) एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन चालक कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका।

इसके बाद पुलिस ने मामले की सूचना खनिज विभाग ब्यावर को दी। सूचना मिलने पर खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर लिया। मामले में खनिज नियमों एवं प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में पुलिस थाना साकेत नगर में प्रकरण संख्या 274/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला धारा 303(2) बीएनएस एवं 4/21 एमएमआरडी अधिनियम के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध खनन एवं अवैध बजरी परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाशराम, कांस्टेबल रामचन्द्र, रामफूल एवं अशोक सिंह की टीम शामिल रही।

Tags:    

Similar News