अजमेर संभाग स्तरीय संस्कृत छात्र खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियां तेज, सेंदड़ा में बनी व्यापक रणनीति
सेंदड़ा में 21 से 25 अगस्त 2026 तक होने वाली अजमेर संभाग स्तरीय संस्कृत छात्र खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियां तेज, आयोजन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार।
सेंदड़ा के राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान आयोजन का पोस्टर विमोचन करते विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक।
अजमेर संभाग स्तरीय प्रवेशिका/वरिष्ठ उपाध्याय (छात्र वर्ग) क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 के सफल आयोजन को लेकर सेंदड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता के सुचारु, व्यवस्थित और सफल संचालन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आवास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात, खेल मैदान, स्वागत, अतिथि सत्कार, स्वयंसेवकों की नियुक्ति तथा विभिन्न समितियों के गठन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और समन्वित ढंग से पूरा करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने आपसी समन्वय और सहयोग के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सेंदड़ा के प्रशासक रतन सिंह भाटी, प्रधानाचार्य जय किशन जीनगर सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विद्यालय स्टाफ एवं ग्राम के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का विश्वास दिलाया।
गौरतलब है कि अजमेर संभाग स्तरीय प्रवेशिका/वरिष्ठ उपाध्याय (छात्र वर्ग) क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 21 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय, सेंदड़ा (पंचायत समिति रायपुर, जिला ब्यावर) में किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, कुश्ती एवं एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की है।