मैंग्रोव संरक्षण अभियान को नई रफ्तार, ओडिशा में तीन साल पूरे, अब गोवा तक बढ़ेगी पहल
सिग्नेचर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ने ओडिशा में मैंग्रोव संरक्षण अभियान के तीन साल पूरे किए। अब यह पहल गोवा तक पहुंचेगी और तटीय सुरक्षा को नई मजबूती देगी।
तस्वीर में ओडिशा के तटीय मैदान में खड़े स्वयंसेवकों और टीम के सदस्यों का समूह एक बैनर के आगे मैंग्रोव संरक्षण पहल के दौरान सामूहिक तस्वीर खिंचवाता नजर आ रहा है।
समुद्री तटों को तूफान, तेज लहरों और तटीय कटाव से प्राकृतिक सुरक्षा देने वाले मैंग्रोव के संरक्षण और विस्तार की दिशा में सिग्नेचर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ने ओडिशा में अपने मैंग्रोव संरक्षण अभियान के तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं। अब कंपनी इस पहल का विस्तार गोवा तक करने की तैयारी कर रही है, ताकि तटीय क्षेत्रों में मैंग्रोव संरक्षण को और मजबूती मिल सके।
पिछले तीन वर्षों के दौरान ओडिशा के अस्तरंगा क्षेत्र में 62 एकड़ से अधिक खराब हो चुकी तटीय भूमि का पुनर्विकास किया गया। इसके साथ ही पाँच गांवों में 30 हजार से अधिक मैंग्रोव पौधों का रोपण किया गया। इस पहल से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी विकसित हुए हैं।
अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए कंपनी ने विभिन्न माध्यमों का सहारा लिया। फैशन, म्यूजिक और डिजिटल गेम जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए विशेष रूप से युवाओं को मैंग्रोव के महत्व से अवगत कराने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में विश्व मैंग्रोव दिवस के अवसर पर एक इंटरैक्टिव डिजिटल गेम भी शुरू किया गया है, जिससे लोग खेल-खेल में मैंग्रोव संरक्षण की अहमियत को समझ सकें।
डियाजियो इंडिया की वाइस प्रेसिडेंट एवं पोर्टफोलियो हेड (मार्केटिंग) आनंदिता दत्ता ने कहा कि किसी भी अच्छे कार्य का प्रभाव तभी व्यापक होता है, जब लोग उससे जुड़ें और उसकी अहमियत को समझें। उन्होंने कहा कि कंपनी केवल मैंग्रोव लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के बीच इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी समान रूप से ध्यान दे रही है।
ओडिशा में इस अभियान की सफलता के बाद अब इसे गोवा तक विस्तारित करने की योजना बनाई गई है, ताकि देश के अन्य तटीय इलाकों में भी मैंग्रोव संरक्षण की मुहिम को और मजबूती मिल सके तथा तटीय क्षेत्रों की प्राकृतिक सुरक्षा को सशक्त बनाया जा सके।