उत्तराखंड की सड़क परियोजनाओं पर केंद्र का बड़ा कदम, स्पर प्रस्तावों पर होगा विचार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर उत्तराखंड की चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के राष्ट्रीय राजमार्ग स्पर प्रस्ताव केंद्र ने अधिकारियों को भेजे हैं। सिकुड़ा बैंड, सेराघाट, मरचूला और कालसी-चकराता शामिल।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर उत्तराखंड की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को राष्ट्रीय राजमार्गों के स्पर यानी सहायक शाखा मार्ग के रूप में अनुमोदित किए जाने के प्रस्तावों पर केंद्र सरकार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अवगत कराया है कि राज्य सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्तावों को संबंधित अधिकारियों के पास विचार और आवश्यक परीक्षण के लिए प्रेषित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 24 जुलाई, 2026 को केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री को अनुरोध भेजकर राज्य की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने की मांग की थी। इसके तहत सिकुड़ा बैंड से एन.टी.डी. (अल्मोड़ा) तक सुरंग (टनल) सहित लगभग 1 किलोमीटर मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-309बी के स्पर के रूप में अनुमोदित किए जाने का अनुरोध किया गया था।
इसके साथ ही सेराघाट–बाड़ेछीना मोटर मार्ग, जिसकी लंबाई 45 किलोमीटर है, को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने तथा मरचूला–भिकियासैंण मोटर मार्ग, जिसकी लंबाई 72 किलोमीटर है, को भी राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने का अनुरोध किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कालसी–चकराता मोटर मार्ग, जिसकी लंबाई 44 किलोमीटर है, को राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए एवं 507 के स्पर के रूप में किए जाने का भी अनुरोध केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से किया था।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि उक्त सभी प्रस्तावों को संबंधित अधिकारियों को परीक्षण एवं विचारार्थ प्रेषित कर दिया गया है। इससे राज्य सरकार की ओर से रखे गए इन प्रस्तावों पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई का रास्ता खुला है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पर्वतीय एवं सीमांत क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना तथा राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़कर क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सकारात्मक सहयोग से इन प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय होगा और राज्य के सड़क ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की विकास संबंधी आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने तथा प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। इन प्रस्तावों पर केंद्र सरकार के स्तर पर विचार और परीक्षण की कार्रवाई पर्वतीय एवं सीमांत क्षेत्रों के सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है।