14 से 17 अगस्त तक उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, सभी जनपद अलर्ट मोड पर
उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। देहरादून समेत कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए सभी जनपदों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा 13 अगस्त 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जनपदों को पत्र जारी कर आवश्यक सावधानियां और तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना वाले क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं नैनीताल जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। वहीं चम्पावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार एवं ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। राज्य के शेष जनपदों में गरज-चमक के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना के दृष्टिगत येलो अलर्ट रहेगा।
15 अगस्त को राज्य के सभी जनपदों में येलो अलर्ट रहेगा। इस दिन देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत एवं बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। पर्वतीय जनपदों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। हरिद्वार एवं ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।
16 अगस्त को चम्पावत, बागेश्वर एवं नैनीताल जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना के दृष्टिगत येलो अलर्ट रहेगा।
17 अगस्त को देहरादून एवं टिहरी जनपदों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन दोनों जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। राज्य के शेष जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा तथा गरज-चमक के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना के दृष्टिगत येलो अलर्ट रहेगा।
सचिव श्री विनोद कुमार सुमन ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग यात्रा से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी लेते रहें। भूस्खलन एवं चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों, नदी-नालों एवं जलधाराओं के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश अथवा अचानक बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने तथा सक्रिय भूस्खलन क्षेत्र को पार करने का प्रयास नहीं करने को कहा गया है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों एवं पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की अपील की गई है। भारी वर्षा के दौरान उफनती नदियों, धाराओं एवं नालों में तैरने या नौका विहार करने से भी बचने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव तथा नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में सभी नागरिकों को सावधानी एवं सतर्कता बरतनी जरूरी है।