तस्वीर में न्यू टिहरी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा मीडिया से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

न्यू टिहरी में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जागरूकता और प्रचार-प्रसार तेज कर दिया गया है। गुरुवार को टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी सुश्री नितिका खंडेलवाल ने हर घर तिरंगा अभियान के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया को जिले में अभियान के तहत की जा रही गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी दी।

जिलाधिकारी सुश्री नितिका खंडेलवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जिले के लोगों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और देश के प्रति सम्मान व गौरव के प्रतीक के रूप में अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।



 उन्होंने न्यू टिहरी में केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित की जा रही फोटो प्रदर्शनी के बारे में भी मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में भारत की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा और देशभक्ति की भावना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को ‘हर घर तिरंगा’, ‘विभाजन की विभीषिका’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे विषयों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके बाद केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 14 और 15 अगस्त को न्यू टिहरी में आयोजित होने वाले इंटीग्रेटेड कम्युनिकेशन एंड आउटरीच प्रोग्राम की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन विभीषिका’ विषयों पर विशेष फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी का उद्देश्य आम जनता, युवाओं और विद्यार्थियों को तिरंगे के गौरवशाली इतिहास, उसकी यात्रा तथा ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व से परिचित कराना है।

श्री शर्मा ने बताया कि 14 अगस्त की सुबह तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। फोटो प्रदर्शनी देखने आने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति से जुड़े विषयों को रोचक और सहभागी तरीके से समझने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि राज्य के कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी 14 अगस्त को हर घर तिरंगा विषय पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

कार्यक्रम अधिकारी श्री शर्मा ने आम जनता से बड़ी संख्या में न्यू टिहरी पहुंचकर फोटो प्रदर्शनी देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी लोगों को तिरंगे की गौरवशाली यात्रा, वंदे मातरम् की ऐतिहासिक विरासत और विभाजन की विभीषिका से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं के बारे में जानने का अवसर देगी।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने तथा देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।