तस्वीर में प्रतापपुर स्थित 'सुशील मोबाइल' दुकान के बाहर लोगों की भीड़ और स्थानीय नागरिक नजर आ रहे हैं।

सूरजपुर। नगर के रिहायशी इलाके कदमपारा में पेट्रोल पंप के बगल स्थित गुमटी में संचालित सुशील मोबाइल दुकान में बीती रात करीब 2 बजे अज्ञात चोरों ने सीलिंग तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में कम उम्र के दो लड़के दुकान के अंदर चोरी करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, चोर दुकान की सीलिंग तोड़कर अंदर दाखिल हुए और करीब 50 हजार रुपये से अधिक कीमत के मोबाइल लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में करीब पांच नग नए-पुराने सेकंड हैंड मोबाइल, ग्राहकों के मोबाइल और जियो का मोबाइल शामिल बताया जा रहा है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी की वारदात नगर के रिहायशी इलाके में रात करीब 2 बजे हुई। चोरों ने बेखौफ होकर दुकान की सीलिंग तोड़ी और अंदर घुसकर सामान समेट लिया। घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

व्यापारियों के अनुसार, प्रतापपुर क्षेत्र में इससे पहले भी गुमटियों और दुकानों में छेद अथवा सुरंग बनाकर चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई मामलों में अब तक चोरों का सुराग नहीं लगने से व्यापारियों में नाराजगी बनी हुई है।

हालांकि, इस बार संदिग्धों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। ऐसे में पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण सुराग मौजूद है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने अज्ञात चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि रात के समय नियमित और प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग होती तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था। स्थानीय व्यापारियों ने मुख्य बाजार और रिहायशी इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।