उत्तराखण्ड में PMAY-Urban से 15 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगी पक्की छत
उत्तराखण्ड में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण जारी है। 12,948 मकान पूरे हो चुके हैं और 1,271 लाभार्थियों को चाबियां मिल चुकी हैं। दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को छत मिलेगी।
उत्तराखण्ड में अपने आशियाने का सपना देख रहे पात्र परिवारों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) को गति दी है। योजना के तहत आगामी दिसंबर माह तक 15 हजार से अधिक परिवारों को पक्की छत मिलने जा रही है। आवास विभाग ने लंबित आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने के लिए सितंबर तक की समयसीमा तय की है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत हर पात्र परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए धामी सरकार प्रतिबद्ध है। सचिव आवास डॉ. आर. राजेश के अनुसार प्रदेश में कुल 18 परियोजनाओं के तहत 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें लगभग 84 फीसदी यानी 12,948 आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
वहीं, 1,271 घरों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। इनमें 768 लाभार्थी रुड़की और 503 लाभार्थी हरिद्वार के हैं। लंबित आवासीय परियोजनाओं को 30 सितंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश कार्यदायी संस्थाओं को दिए गए हैं।
योजना के तहत ऊधमसिंह नगर जनपद में सर्वाधिक 10,200 मकान बनाए जा रहे हैं। इनमें रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम के 1,872 आवास बनकर तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा भवानीपुर (जसपुर) में 1,264, उकरौली-1 (सितारगंज) में 1,168, उकरौली-2 (सितारगंज) में 864, कनकपुर (काशीपुर) में 1,256, मटकोटा (रुद्रपुर) में 928, श्यामनगर (गदरपुर) में 928, महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर (काशीपुर) में 512 और गंगापुर गोसाल (काशीपुर) में 584 आवास पात्र लाभार्थियों को मिलेंगे।
हरिद्वार जनपद में कुल 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेल्दी (बेलड़ी, रुड़की) में 1,088, शिकारपुर में 768 और इंद्रलोक आवासीय योजना के तहत 528 आवास बनाए जा रहे हैं।
नैनीताल जनपद के उम्मेदनगर (रामनगर) में सभी 528 आवासीय इकाइयों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं, देहरादून जनपद में धौलास हाउसिंग स्कीम के तहत 240 में से 180 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के अनुरूप विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में हजारों गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को योजना का सीधा लाभ मिला है। पात्र परिवारों की मदद के लिए योजना में अब राज्य सरकार की हिस्सेदारी को ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹75 हजार किया जा रहा है। लंबित परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देशों के साथ दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को पक्की छत मिलने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है।