मुख्यमंत्री धामी ने पांच साल की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का किया विमोचन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में पांच वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। कार्यक्रम में कलाकारों और आदर्श संस्था के पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।
तस्वीर में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी कार्यालय में मेज पर बैठकर कार्य करते हुए नजर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता (आदर्श संस्था) द्वारा मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने एल्बम से जुड़े निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक एवं अन्य कलाकारों तथा आदर्श संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आदर्श संस्था की अध्यक्ष श्रीमती आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों तथा जनहित में लिए गए विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने एल्बम के निर्माता श्री उत्तम सिंह भंडारी, गायक श्री विक्रम भंडारी एवं सुश्री शिवानी नेगी, संगीतकार श्री विजयपाल कलूड़ा सहित एल्बम से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती आशा कोठारी ने की, जबकि संचालन संस्था के सचिव श्री हरीश कोठारी ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष श्री विनायक नौटियाल, श्री प्रदीप दुग्गल, श्री विजय असवाल, श्री शोभित उनियाल, श्री गिरीश भट्ट, श्री लक्ष्मी नारायण नवानी, श्री आदित्य नौटियाल, श्री सहदेव सिंह बिष्ट, श्रीमती सपना जवाड़ी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। पांच वर्षों की विकास उपलब्धियों को गीत-संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करने वाला यह एल्बम राज्य की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास के रूप में सामने आया।