बाईं ओर बरामद एके-47 राइफल, कारतूस और दाईं ओर वडोदरा में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी दिख रहा है।   

गुजरात के वडोदरा में वायु सेना स्टेशन पर हमले की कथित साजिश का गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने खुलासा करते हुए जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक AK-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी वायु सेना स्टेशन पर अकेले हमला करने की योजना बना रहा था।

गिरफ्तार संदिग्ध की पहचान मोहम्मद सहरुल इस्लाम के रूप में हुई है। वह असम के करीमगंज का रहने वाला बताया जा रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है। गुजरात ATS के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक AK-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस मिले हैं।

ATS के उप महानिरीक्षक (DIG) सुनील जोशी ने शुक्रवार को बताया कि मोहम्मद सहरुल इस्लाम वडोदरा स्थित वायु सेना स्टेशन पर अकेले हमला करने की योजना बना रहा था। आरोपी ने स्टेशन की रेकी भी की थी और अपने मोबाइल फोन से उसकी तस्वीरें खींची थीं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर से निर्देश मिल रहे थे। वह हमले को अंजाम देने के बाद पाकिस्तान भागने की फिराक में था।

गुजरात ATS को अवैध हथियारों की तस्करी के संबंध में पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके आधार पर ATS की टीम ने कल रात करीब 9:00 बजे जरोद बस स्टैंड के आसपास गुप्त निगरानी अभियान चलाया।

इसी दौरान संदिग्ध एक सरकारी बस से जरोद पहुंचा। बस से उतरते ही पहले से निगरानी कर रही ATS की टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से राइफल और कारतूस बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच में आरोपी के असम निवासी होने की पुष्टि हुई है। ATS उससे गहन पूछताछ कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाए गए थे, इन्हें किसे सौंपा जाना था और क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था।

जांच अधिकारी इस बात का भी पता लगा रहे हैं कि हथियारों की तस्करी और आपूर्ति के इस नेटवर्क में कोई स्थानीय व्यक्ति या बाहरी लोग शामिल हैं या नहीं। जांच में गिरफ्तार आरोपी का जैश-ए-मोहम्मद से संबंध होने की बात भी सामने आई है।

वडोदरा में की गई इस गिरफ्तारी के बाद गुजरात ATS अब हथियारों के स्रोत, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से आरोपी के संपर्क और कथित हमले की योजना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।